
बागेश्वर: कपकोट क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां शामा भनार के पास बारात लेकर जा रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में 11 बाराती घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
लाथी-माजखेत मोटर मार्ग पर बोलेरो वाहन खाई में गिरा: जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लाथी-माजखेत मोटर मार्ग पर हुआ है. जहां बोलेरो गाड़ी बारातियों को लेकर कीमू गांव से धरमघर जा रही थी. तभी शामा भनार के पास मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बोलेरो वाहन सीधे खाई में जा गिरी. जिसमें बोलेरो सवार लोगों में चीख पुकार मच गई.
जबकि, हादसे में 11 लोग घायल हो गए. उधर, हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जिसके तहत उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्रशासन को सूचित किया. इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं.
इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. उधर, जिला अस्पताल में भी डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है. ताकि, घायलों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जा सके.
कपकोट विधायक ने घायलों का जाना हाल: वहीं, घायलों का हालचाल जानने के लिए कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को उचित चिकित्सा सुविधा देने को कहा. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. फिलहाल, प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
