
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित युवक ने कई नामजद समेत करीब 10 से 12 लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, किच्छा के वार्ड नंबर 7 निवासी पीड़ित शुभम रावत ने पुलिस में एक तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि नई गल्ला मंडी क्षेत्र में अपनी नौकरी के सिलसिले में अपने दोस्तों उस्मान और जाफर के साथ गया हुआ था. जब शुभम अपने साथियों के साथ नई गल्ला मंडी से वापस लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया.
आरोप है कि सावेश, समीर अजहरी, अनस, अरबाज, मोनिश, अजीम कुरैशी, वशी अंसारी समेत अन्य लोगों ने डंडों से बाइक चला रहे युवक पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले से बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. पीड़ित का आरोप है कि हमलावर लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे. इसी दौरान किसी धारदार हथियार से उसके सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए गए.
युवक को बेहोशी की हालत में छोड़कर भागे आरोपी: हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. भीड़ बढ़ती देख आरोपी घायल युवक को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. घायल शुभम को उसके साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया.
पीड़ित ने अपनी तहरीर में ये भी कहा है कि हमले में नामजद आरोपियों के अलावा करीब 10 से 12 अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्हें वो पहचान सकता है. शुभम ने आरोप लगाया कि उसे भविष्य में भी इन लोगों से अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है. उसके साथ किसी भी समय अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है.
