
रुद्रप्रयाग: हिमालय की दुर्गम वादियों में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों प्रकृति की कठिन परीक्षा और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक साथ दिखाई दे रही है. लगातार बिगड़ते मौसम, बर्फबारी और बारिश के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है. प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच भी भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन को पहुंच रहे हैं, जिससे आंकड़ा तेजी से चार लाख की ओर बढ़ रहा है.
पिछले एक सप्ताह से केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर मौसम हर पल करवट बदल रहा है. कभी तेज बारिश तो कभी अचानक बर्फबारी श्रद्धालुओं की यात्रा को चुनौतीपूर्ण बना रही है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड लगातार बढ़ रही है, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है और हर दिन 25 हजार से अधिक यात्री टोकन सिस्टम के माध्यम से बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं. यात्रा के दौरान मौसम की चुनौतियों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है.
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं को और मजबूत किया गया है. प्रशासन द्वारा पैदल यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों और सब-सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सब-सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके.श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. लगातार गश्त और मॉनिटरिंग के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है. प्रशासन की टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार सक्रिय हैं और मौसम से जुड़ी हर परिस्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण चुनौतियां जरूर बढ़ी हैं, लेकिन जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. यात्रा की हर पल निगरानी की जा रही है तथा सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.खराब मौसम के चलते कई यात्रियों की तबीयत भी प्रभावित हो रही है. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार सक्रिय हैं. गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रतिदिन दो से तीन यात्रियों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है.
धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत देने और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा टोकन सिस्टम लागू किया गया है. इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक श्रद्धालु को लगभग एक घंटे के भीतर बाबा केदार के दर्शन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. प्रशासन का दावा है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली है और यात्रा अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी है.प्राकृतिक चुनौतियों के बीच जिस तरह श्रद्धालुओं की आस्था और प्रशासन की व्यवस्थाएं साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं, वह केदारनाथ यात्रा को इस वर्ष और भी विशेष बना रही है. कठिन मौसम के बावजूद बाबा केदार के जयकारों से पूरी केदारपुरी गूंज रही है और हर श्रद्धालु के चेहरे पर दर्शन की अद्भुत संतुष्टि दिखाई दे रही है.
