Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

गंगा में जिंदा पत्नी का पिंडदान करने का मामला, वायरल वीडियो पर महिला का आया बयान, बताई पूरी सच्चाई

हरिद्वार: पत्नी की रील बनाने की आदत से परेशान हरिद्वार हरकी पैड़ी पर गंगा में जीवित पत्नी का पिंडदान करने वाले मामले में महिला का बयान भी सामने आया है. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए महिला ने बताया कि उसके पति से उसका झगड़ा चल रहा है और दोनों पति-पत्नी तलाक लेने के लिए कोर्ट में केस लड़ रहे हैं. ऐसे में उसने सोशल मीडिया पर रील भी बनानी शुरू की है. हालांकि, महिला ने सफाई दी कि वह कोई अभद्र रील नहीं बनाती है.

महिला ने पति पर शराब पीकर झगड़ा और गाली गलौज करने का आरोप भी लगाया. वीडियो बयान में महिला पति को गलत और खुद को सही साबित करने की कोशिश करते हुए कहती है कि लोगों ने बिना कुछ सोचे समझे वीडियो को शेयर किया और उनके बारे में अभद्र कमेंट किए. लेकिन हर घटना के दो पहलू होते हैं. सबने वीडियो देखकर एक पक्ष जाना, लेकिन दूसरे पक्ष को जाने बिना ही अपनी प्रतिक्रिया दे दी. जबकि वास्तविकता अलग है. इस घटना के बाद उन्हें और उनकी छवि को गहरा धक्का लगा है. ऐसे में वो गलत कदम भी उठा सकती थी. लेकिन अपने बच्चों की खातिर उन्होंने ऐसा नहीं किया. वो एक जागरूक महिला है और समाज के आगे झुकेगी भी नहीं.

बता दें कि तीन दिन पहले हरिद्वार में हर की पैड़ी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी जिंदा पत्नी की फोटो पर हार चढ़ाकर उसके साथ अशोभनीय व्यवहार कर फोटो को गंगा में प्रवाहित करते हुए पिंडदान किया था. इस पूरे दृश्य को किसी ने अपने मोबाइल में वीडियो बनाकर कैद और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.

बताय जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी देहरादून के रहने वाले हैं. दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है. हालांकि यह उनका निजी मामला हो सकता है. लेकिन गंगा में जिस तरह व्यक्ति ने फोटो के साथ अशोभनीय व्यवहार किया और फिर फोटो को गंगा में प्रवाहित कर दिया, उससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया.

हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने इस हरकत को अशोभनीय बताया और ऐसी हरकत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

Exit mobile version