
श्रीनगर: कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा अपने पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं. इन पांच दिनों में कुमारी शैलजा गढ़वाल रीजन के 5 जिलों का दौरा करते हुए कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखेंगी. इस दौरे का मकसद 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के जमीनी स्तर के संगठन को मजबूत करना है.
पार्टी नेताओं के मुताबिक, लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी शैलजा 6 मई बुधवार शाम देहरादून पहुंचीं. जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कुमारी शैलजा का प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने उनका स्वागत किया. इसके बाद कुमारी शैलजा ऋषिकेश के लिए रवाना हुईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कुमारी शैलजा का जबरदस्त स्वागत किया.
वहीं 7 मई गुरुवार को शैलजा जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) पौड़ी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए श्रीनगर पहुंची हैं. श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया. कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे शहर में कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी भी की गई.
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और अन्य प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया.
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा श्रीनगर में रोड शो भी निकाला गया. रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए. सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी नेताओं का स्वागत किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. इसके बाद वे सोनप्रयाग के लिए रवाना हो गईं. रात को शैलजा सोनप्रयाग में ही रुकेंगी. जबकि संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, 8 मई शुक्रवार को केदारनाथ धाम में दर्शन करेंगी. इसके बाद वह अगस्त्यमुनि में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी और उसी दोपहर रुद्रप्रयाग में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगी.
उधर, 9 मई शनिवार को स्टेट इंचार्ज बिरही में जिला कांग्रेस कमेटी चमोली के वर्कर्स से मिलने वाली हैं. जबकि 10 मई रविवार सुबह बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के साथ अपना दौरा जारी रखेंगी और जोशीमठ में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी. इसके बाद कुमारी शैलजा 11 मई सोमवार को टिहरी गढ़वाल के चंबा में एक मीटिंग के साथ अपना दौरा खत्म करेंगी और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगी.
कुमारी शैलजा उनका यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. बैठकों में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान, भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा सकती है.
