Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

ग्रामीणों ने खानपुर रेंजर के खिलाफ खोला मोर्चा, डीएफओ कार्यालय में किया हंगामा, डीएफओ ने बैठाई जांच

हरिद्वार: बिल्केश्वर रोड स्थित डीएफओ कार्यालय पर खानपुर रेंज के ग्रामीणों ने हंगामा किया. ग्रामीणों ने खानपुर रेंज के रेंजर पर हठधर्मिता और महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया. गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और रेंजर को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की. वहीं डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने ग्रामीणों की मांग पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ. डीएफओ ने वन विभाग के एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया और जांच रिपोर्ट के उपरांत कार्रवाई की बात कही है.

दरअसल खानपुर रेंज में कुछ महिलाएं जंगल में लकड़ियां बीनने गई थी, जिन्हें वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया था. ग्रामीणों के हंगामे के बाद एक दिन पहले महिलाओं को छोड़ दिया था. लेकिन शुक्रवार को खानपुर रेंज से कई ग्रामीण हरिद्वार स्थित डीएफओ कार्यालय पहुंच गई. डीएफओ के दफ्तर में घुसकर ग्रामीणों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई. इतना ही नहीं ग्रामीणों ने रेंजर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया. कार्यालय में ही ग्रामीण हंगामे पर उतर आए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. इस दौरान ग्रामीण सिकरौदा गांव से आए ग्रामीण बुरहान ने आरोप लगाया कि खानपुर रेंज के रेंजर बेवजह ग्रामीणों को परेशान करते हैं.

जंगल में लकड़ियां बीनने गई महिलाओं को पकड़कर बंद कर दिया गया और उनके साथ अभद्रता भी की है. उन्होंने रेंजर पर आरोप रिश्वतखोरी का आरोप भी लगाया और तत्काल प्रभाव से रेंजर को हटाने की मांग की. वहीं ग्रामीणों के हंगामे के बाद डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ. डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि ग्रामीण लकड़ी और रास्तों की शिकायत लेकर आए थे. ग्रामीणों की शिकायत पर जांच टीम का गठन कर दिया गया है. हरिद्वार की एसडीओ पूनम सिलोरी के नेतृत्व में मामले की जांच की जाएगी. जांच के उपरांत जो कोई भी तथ्य सामने आएंगे, उन सभी तथ्यों को देखने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version