
खटीमा: चंपावत जिले में बीते रोज नाबालिग लड़की के सामूहिक दुष्कर्म में बीजेपी के मंडल उपाध्यक्ष का नाम आने के बाद पॉलटिक्स तेज हो गई है. राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने उक्त मामले में बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है. खटीमा में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी का पुतला फूंक राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. साथ ही प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है.
बीते रोज चंपावत जिले में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के सामाजिक दुष्कर्म के मामले में बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सहित तीन आरोपियों पर पीड़िता के पिता की तहरीर पर पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है. इस घटना के बाद आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश भर में बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिये हैं. कांग्रेस पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रही है.
इसी कड़ी में सीएम धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में भी कांग्रेस ने मुख्य चौक पर सीएम धामी का पुतला फूंका. साथ ही बीजेपी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बॉबी राठौर ने कहा जिस तरह बीते रोज चंपावत जिले में 16 साल की नाबालिग बेटी के हाथ पांव बांध कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया वह बेहद शर्मसार करने वाला प्रकरण है. उक्त मामले में बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सहित कुल तीन लोग शामिल हैं. उन्होंने कहा प्रदेश में जब भी बेटियों के उत्पीड़न के मामले आते हैं उसमें बीजेपी नेता ही शामिल होते हैं.उन्होंने कहा कांग्रेस आज प्रदर्शन से राज्य सरकार को चेताना चाहती है कि अगर जल्द चंपावत की बेटी को इंसाफ नहीं मिला तो उग्र आंदोलन होगा.कांग्रेस ने कहा वे सड़कों पर उतरकर बेटी के लिए न्याय की आवाज बुलंद करेंगे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा सामूहिक दुष्कर्म करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
