Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

ट्रेन से गायब नवविवाहिता 5 दिन बाद बेगूसराय में मिली, केदारनाथ से लौट रहे थे, पति की नींद खुली तो गायब थी पत्नी

हरिद्वार: जनपद हरिद्वार के लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई नवविवाहिता बिहार के बेगूसराय से मिल गई है. हरिद्वार पुलिस ने उसे खोज निकाला है. पुलिस के अनुसार नवविवाहिता अपनी मर्जी से गई थी. हालांकि, अचानक गायब होने के पीछे क्या कारण रहे, यह सब उनके बयान दर्ज होने के बाद पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस ने नवविवाहिता को परिजनों के सुपुर्द करने की तैयारी कर ली है.

बीती 5 मई की रात को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई 29 साल की नवविवाहिता की गुमशुदगी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे. हालांकि, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि नवविवाहिता अपनी मर्जी से ही गई थी. कानपुर की रहने वाली नवविवाहिता की हाल ही में शादी हुई थी. 5 मई को दंपति केदारनाथ दर्शन करने के बाद नंदा देवी एक्सप्रेस से गाजियाबाद लौट रहे थे.

बीती 5 मई की रात करीब साढ़े दस बजे अपने पति के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रही नवविवाहिता ट्रेन से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई थी. जांच में नवविवाहिता की लोकेशन लक्सर क्षेत्र के आसपास आई थी. इसलिए परिजनों की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.

पुलिस के मुताबिक, हर एंगल से मामले की जांच गई और कई दिशाओं में टीमें रवाना की गई. दरअसल नवविवाहित यूपी के कानपुर की रहने वाली है और पति के साथ गाजियाबाद रहती है. कुछ दिन पहले दोनों की शादी हुई थी.

शादी के बाद दंपति उत्तराखंड धार्मिक यात्रा पर आए थे. नवदंपति केदारनाथ धाम से दर्शन कर गाजियाबाद लौट रहे थे. नींद की झपकी आने के बाद जब पति की आंख मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के पास खुली तब पत्नी को गायब पाया और उसके बाद खोजबीन शुरू की गई. नवविवाहिता के परिजन भी गहनता से उसकी तलाश में जुटे रहे.

महिला के भाई भी लक्सर जीआरपी थाने पहुंचे थे. उन्होंने बताया था कि देहरादून से बहन और जीजा ने ट्रेन पकड़ी थी. हरिद्वार तक दोनों जाग रहे थे. इसके बाद उनके जीजा सो गए थे. जब मुजफ्फरनगर के पास उन्होंने नवविवाहिता को देखा तो वो ट्रेन से गायब मिली. ट्रेन में खोजबीन करने के बावजूद भी नवविवाहिता का कुछ पता नहीं चला.

जानकारी करने पर पता चला कि उनकी आखिरी लोकेशन लक्सर में दिखाई दी. लक्सर में लोकेशन के जगह जाकर देखा तो कुछ नहीं मिला. लेकिन हरिद्वार पुलिस ने उसे खोजने में सफलता हासिल कर ली है.

फिलहाल सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता के गायब होने के बाद तरह तरह की चर्चाएं है. दावा किया जा रहा है कि लक्सर रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे बंद मिले. जबकि यह ट्रेन लक्सर रेलवे स्टेशन पर रुकती ही नहीं है, लक्सर से बाईपास हो जाती है. हालांकि, नवविवाहिता को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया है. हरिद्वार पुलिस ने नवविवाहिता को बीती 10 मई को बिहार के बेगूसराय से खोज लिया है. वह सुरक्षित है. फोन पर उनकी मां से भी बातचीत हो गई है. उन्हें जल्द ही लक्सर लाया जाएगा और बयान दर्ज कराए जाएंगे. पूछताछ में सामने आया है कि महिला अपनी मर्जी से गई थी और जाने के पीछे क्या कारण रहे होंगे, यह सब बयान के बाद ही पता चल पाएगा.

Exit mobile version