
नैनीताल: देहरादून में ई रिक्शा चालक की हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने के मामले पर नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने मामले को सुनवाई के लिए दूसरी पीठ को रेफर कर दिया है.
देहरादून के गुच्चुपानी में सुपारी लेकर ई रिक्शा चालक की बेहरमी से हत्या के 5 आरोपियों को सेशन जज प्रथम महेश चंद्र कुशवाहा की अदालत ने दोषी करार दिया है. मामले में तीन दोषियों को फांसी की सजा दी गई गई है. साथ ही इन पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है. जबकि, हत्या का षड्यंत्र रचने के दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा देने के साथ 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है.
क्या था मामला? जानकारी के मुताबिक, साल 2014 में मेहूंवाला निवासी शख्स का एक महिला से निकाह हुआ था. उनके दो बच्चे भी थे. यह शख्स ज्यादा शराब पीने का आदी था. इसी कारण बीवी के साथ अक्सर झगड़ा करता था. इसी बीच साल 2019 में उसकी बीबी के अपने पड़ोस में सेनेटरी की दुकान चलाने वाले साबिर अली के साथ अवैध संबंध बन गए. इसका पता उसे लग गया था. उसके बाद दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया और रोजाना लड़ाई-झगड़ा होने लगा.
जुलाई 2021 में साबिर ने अपनी प्रेमिका (महिला) को अपने साढ़ू के घर भगवानपुर (रुड़की) भेज दिया. वहां वो 6 महीने रुकने के बाद जनवरी 2022 में उसके शौहर के परिवार वाले उसे समझा बुझाकर मेहूंवाला लेकर आ गए. महिला जब ससुराल आई तो उसके साबिर के साथ संबंध और गहरे हो गए. इसका उसका शौहर विरोध करता रहा. इससे तंग आकर महिला और उसके प्रेमी साबिर ने शौहर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
इसके लिए साबिर अली ने अपने दोस्त रईस खान से संपर्क किया. रईस खान ने अपने गांव बागपत के रहने वाले शाहरुख को दो लाख रुपए में साबिर की प्रेमिका के शौहर की हत्या के लिए सुपारी दी. शाहरुख ने अपने दो अन्य दोस्तों अरशद और रवि कश्यप को योजना में शामिल कर किया. शाहरुख, रवि कश्यप और अरशद 26 नवंबर को देहरादून जिले के विकासनगर स्थित एक लॉज में ठहरे.
27 नवंबर को रईस ने तीनों को शिमला बायपास मेहूंवाला में सुबह 11 बजे बुलाया. जहां महिला के शौहर का चेहरा दिखाया. उसी दिन शाहरुख, अरशद और रवि ने महिला के शौहर का ई रिक्शा किराए पर लिया और बुद्धा टेंपल एवं एफआरआई ले गए. 28 नवंबर 2022 को फिर अरशद ने अपने नंबर से ई रिक्शा वाले को फोन किया और उसे गुच्चुपानी की बुकिंग की बात कही. महिला का शौहर ई रिक्शा में तीनों को आईएसबीटी से गुच्चुपानी ले गया.
यहां चारों ने एक साथ शराब पी. उसके बाद शाम का अंधेरा होने पर जब महिला का शौहर शराब के नशे में धुत हो गया तो रवि कश्यप ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर मार दिया. पत्थर सिर पर लगने से जब वो नीचे गिर गया तो अरशद और शाहरुख ने भी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया. इसी कारण ई रिक्शा चालक की मौत हो गई थी. साथ में उन्होंने घटना का वीडियो भी बनाया.
