Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर नए पुलिस कप्तान सख्त, दस बजे के बाद डीजे बजाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, स्टूडेंट्स को दिए टिप्स

हरिद्वार: जल्द सीबीएसई और आईसीएसी बोर्ड के साथ ही उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं. बोर्ड परीक्षाओं में 10सवीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले हजारों छात्र छात्राएं शामिल होंगे. हरिद्वार के नए पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए हैं और परीक्षा अवधि में शांत एवं सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं.

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जनपद के सभी थानेदारों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं में रात्रि दस बजे के बाद डीजे पर न्यायालय की गाइडलाइन का पालन करते हुए पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए. किसी भी विद्यार्थी को पढ़ाई के दौरान डीजे से परेशानी न हो. एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा केवल अंकों की नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास की भी परीक्षा होती है. उन्होंने विद्यार्थियों से तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और सकारात्मक सोच के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा जीवन का एक अहम पड़ाव है, जिसे घबराहट नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ एंजॉय करना चाहिए. इसके लिए उन्होंने बच्चों की हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.

सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि रात 10 बजे के बाद डीजे संचालन पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो. इसके साथ ही सुबह परीक्षा के समय यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस सतर्कता रहेगी और जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो. ध्वनि प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया है. एसएसपी ने कहा कि कोई भी बच्चा पढ़ाई को लेकर तनाव में न आए और बिना तनाव के अपनी परीक्षा दें. कहा कि बोर्ड परीक्षा में नंबर कम आने पर बिल्कुल भी न घबराएं. पुलिस हर समय बच्चों की मदद के लिए तैयार है. बता दें कि एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर कार्यभार संभालने के बाद से ही एक्शन मोड पर हैं. उन्होंने कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश दिए हैं.

Exit mobile version