Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

भाजयुमो नेता पर गाड़ी चढ़ाने और अपहरण की कोशिश, 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज, सामने आया घटना का वीडियो

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष ने कुछ लोगों पर हत्या की कोशिश और पिस्टल की नोक पर अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगाया है. भाजपा नेता ने पटेल नगर कोतवाली में 4 नामजद और 3 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है. साथ ही घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

पुलिस के मुताबिक, नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया ने 20 अप्रैल देर शाम कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई कि वह भाजपा युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष हैं. कुछ दिन पहले क्लेमेंटटाउन थाने में एक मामले को लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी. जहां उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी.

20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहा था. तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे वह सड़क पर गिर गया. उसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी.

इसी दौरान दूसरी कार से आए अन्य युवक जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे. पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे, लेकिन वह मौका पाकर पास की दीवार फांदकर भाग निकला. घटना के दौरान उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. जबकि एक मकान की दीवार भी टूट गई. इस घटना से आसपास दहशत का माहौल हो गया है.

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों में हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा और तीन अन्य लोग शामिल थे. घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को कब्जे में लिया.

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित हर्ष वालिया की शिकायत के आधार पर हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Exit mobile version