
पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में क्वीटी से मुनस्यारी जा रही एक टैक्सी हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग घायल हो गए. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है.
टैक्सी संख्या यूके 05-टीए 5586 शनिवार सुबह क्वीटी से मुनस्यारी की ओर जा रही थी. हरकोट बैंड के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में बला गांव निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौत हो गई. मृतक पूर्व सैनिक थे. कैंटीन से सामान लाने के लिए मुनस्यारी जा रहे थे. वहीं, बला गांव के ही प्रताप सिंह, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता और चालक चंचल सिंह कोरंगा घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मुनस्यारी राजू पांगती मौके पर पहुंचे. उन्होंने अपने वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया.
अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. थल-मुनस्यारी रोड पर हरकोट बैंड के पास जिस स्थान पर टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त हुई, वहां सड़क किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. मौके पर न तो क्रश बैरियर लगे थे और न ही पैरापिट बनाए गए थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के इस मोड़ पर पहले भी हादसों का खतरा बना रहता है. यदि वहां सुरक्षा बैरियर या मजबूत पैराफिट होते, तो अनियंत्रित होने के बाद वाहन खाई में गिरने की बजाय सड़क पर ही रुक सकता था. हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. जिले में लगातार वाहन दुर्घटनाओं में सुरक्षा के कोई उपाय देखने को नही मिल रहे हैं. सड़क सुरक्षा समिति के दावों की लगातार पोल खुलकर सबके सामने आ गई है.
