Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

रुद्रपुर मेन मार्किट में बड़ी चोरी, चार शोरूमों के टूटे ताले, लाखों की नकदी ले उड़े शातिर

रुद्रपुर: शहर के व्यस्त मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों और पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी. बदमाशों ने एक साथ चार नामी शोरूमों में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. जिसमें तीन युवक मुंह ढके हुए नजर आ रहे हैं. घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है. उन्होंने जल्द खुलासे की मांग की है.

जानकारी के अनुसार चोर पड़ोस की एक दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे. फिर चारों शोरूमों के ताले तोड़कर गल्लों में रखी नकदी चोरी कर ली. व्यापारियों के मुताबिक एक शोरूम से करीब 5 लाख रुपये, दूसरे से लगभग ढाई लाख रुपये और अन्य दुकानों से करीब 40 हजार रुपये सहित कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये की नकदी गायब मिली है. सुबह जब दुकानदार अपने शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. शोरूमों के ताले टूटे पड़े थे. सामान बिखरा हुआ था.

घटना की सूचना मिलते ही बाजार के अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि मुख्य बाजार जैसे संवेदनशील इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं होना पुलिस गश्त की लापरवाही को दर्शाता है.

चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में तीन युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर गल्लों से नकदी निकालते और उसे थैलों में भरते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं. आसपास लगे कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है. साथ ही डीवीआर को भी अपने कब्जे में लेकर जांच की जा रही है.

सीओ दौलत राम वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Exit mobile version