Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

सावधान! रुद्रपुर में सम्मोहन गैंग सक्रिय, बुजुर्ग महिला के 15 लाख के आभूषण छीने

रुद्रपुर: शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. कोतवाली क्षेत्र के शांति विहार कॉलोनी में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण ठग लिए. घटना दिनदहाड़े होने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

रुद्रपुर के कोतवाली क्षेत्र स्थित शांति विहार कॉलोनी में ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां कुछ ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाकर और सम्मोहित कर लाखों रुपये के आभूषण ठग लिए. बताया जा रहा है कि ठग बड़ी चालाकी से महिला को मानसिक रूप से भ्रमित कर उसके घर से कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए.

शांति विहार कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला रजनी गर्ग रविवार दोपहर बाजार जाने के लिए घर से निकली थी. जब वह रेलवे क्रॉसिंग मोड़ के पास पहुंचीं, तभी एक युवक उनसे मिला और किसी बाबा का नाम लेते हुए उनसे पता पूछने लगा. महिला ने उसे रास्ता बताया और आगे बढ़ने लगी.इसी दौरान कुछ दूरी पर दो अन्य व्यक्ति, जो नकाब और हेलमेट पहने हुए थे, उनसे आकर बातचीत करने लगे. दोनों व्यक्तियों ने महिला से कहा कि उनके परिवार पर कोई बुरा साया है और इसी कारण घर में मानसिक व शारीरिक परेशानियां बनी हुई हैं.

धीरे-धीरे बातचीत के दौरान उन्होंने महिला को अपने प्रभाव में ले लिया. महिला के अनुसार उस समय उसकी सोचने-समझने की क्षमता लगभग खत्म हो गई थी और वह पूरी तरह उनके कहे अनुसार ही काम करने लगी.ठगों ने महिला से उसके घर और आभूषणों के बारे में जानकारी ली. इसके बाद महिला उनके कहने पर अपने घर गई और अलमारी का लॉकर खोलकर करीब 12 से 13 तोले सोने के आभूषण निकाल लाई. महिला ने उन आभूषणों को एक छोटे बैग में रखकर आरोपियों को दे दिया.पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने आभूषणों को उसके सामने ही सफेद कागज में लपेटकर सफेद धागे से बांध दिया और उसे एक पोटली थमा दी.

साथ ही उसे हिदायत दी कि भगवान का नाम लेते हुए पीछे मुड़कर नहीं देखना है और रास्ते में पोटली नहीं खोलनी है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि पोटली रास्ते में खोली तो उसके परिवार का सर्वनाश हो जाएगा क्योंकि घर के ऊपर बहुत खतरनाक साया है. डरी और भ्रमित महिला चुपचाप घर पहुंची और पोटली को मंदिर में रख दिया. कुछ समय बाद जब उसे शक हुआ तो उसने पोटली खोलकर देखी. पोटली के अंदर आभूषणों की जगह पत्थर रखे हुए थे. तब जाकर महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद महिला ने तुरंत अपने बेटे और बहू को घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी. रुद्रपुर कोतवाली के एसएस अनिल जोशी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version