Site icon उत्तराखंड DISCOVERY

हरीश रावत ने इंडिया गठबंधन और सामाजिक संगठनों के साथ लगाई चौपाल, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बीजेपी को घेरा

देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देहरादून मे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के समीप इंडिया गठबंधन के नेताओं और सामाजिक संगठनों जुड़े लोगों के साथ चौपाल लगाकर संवाद किया. इस दौरान उन्होंने देश के सम्मुख वर्तमान चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए रणनीति बनाने को लेकर चर्चा की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजनीति में हमेशा अनेकानेक प्रकार की चुनौतियां आती रहती हैं. उन्होंने वर्तमान चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र समेत जिन बुनियादी सिद्धांतों पर भारत का संविधान खड़ा है, उनके लिए भी आज एक चुनौंती है.

हरीश रावत ने आगे कहा कि हम लाइट माइंडेड लोगों के अलग-अलग दृष्टिकोण भले ही हो सकते हैं, लेकिन संविधान की रक्षा और आजादी के बुनियादी मूल्य,मान्यता और सिद्धांतों की रक्षा के लिए जो लोग भी एक राय रखते हैं. चाहे वह राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन या फिर एक व्यक्ति के रूप में हों, उन सब को आज मिलकर काम करने की आवश्यकता है. हरीश रावत ने यह भी कहा कि उन्होंने निर्णय लिया है कि इस संवाद की प्रक्रिया को राज्य भर में चलाएंगे. हरीश रावत ने बंगाल चुनाव को लेकर भी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. हरीश रावत ने कहा कि हमारे ममता बनर्जी से मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जिस प्रकार से असम और पश्चिमी बंगाल में सत्ता को हथियाने के लिए सत्तारूढ़ दल ने सारी तिकड़म व पूरी शक्ति का उपयोग किया.

चुनाव को जीतने के लिए इतना समझ लीजिए कि सेना के टैंकों, बोफोर्स, ब्रह्मोस, राफेल को छोड़कर बाकी सारी शक्तियों का इस्तेमाल किया गया. जिन राज्यों मे आगामी समय मे चुनाव होने जा रहे हैं और जिस तरह सत्तारूढ़ दल संवैधानिक संस्थाओं का बड़ा दुरुपयोग कर रहा है, उसको देखते हुए हमें आने वाले चुनावों के लिए बहुत सचेत रहने की जरूरत है. गौर हो कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा 6 मई से गढ़वाल मंडल का दौरा करने जा रही हैं. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ऋषिकेश से लेकर बदरीनाथ, केदारनाथ, टिहरी और अन्य जनपदों का दौरा करेंगी. साथ ही कुमारी शैलजा आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम भी करेंगी. कुमारी शैलजा के दौरे की तैयारियां कांग्रेस पार्टी ने पूर्व में ही पूरी कर ली थी.

Exit mobile version