
हल्द्वानी: नैनीताल जिले में निवेश को दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया था. इसके बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देश पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर GMFX Global कंपनी के मालिक विमल रावत, रूबी रावत और उनके पार्टनर अनूप कंडारी पर 10 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने मंगलवार को आरोपी मालिक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
निवेश के नाम पर लाख की ठगी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई: कुछ दिन पूर्व कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के जनता दरबार में शिकायत आई थी कि जीएमएफएक्स ग्लोबल (GMFX Global) कंपनी द्वारा पैसा दोगना करने का लालच देते हुए निवेश करा कर मोटा पैसा ऐंठा जा रहा है. समय पूरा होने के बाद भी उनका भुगतान नहीं हो रहा है. शिकायत के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत द्वारा मौके पर पहुंच कर छापेमारी की कार्रवाई की गई थी.
कुमाऊं कमिश्नर ने शिकायत के बाद गोलमाल पकड़ा था: इस दौरान उन्होंने कई अनियमितताएं पकड़ी थीं. जिसके बाद उन्होंने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. एक निवेशक पार्थ पराशर पुत्र प्रेम प्रकाश बुधलाकोटी, निवासी मुखानी हल्द्वानी ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया था. पार्थ ने बताया कि 22 नवंबर 2024 को GMFX Global के संचालकों ने उन्हें एक निवेश योजना बताई. आरोप है कि योजना के तहत 25 से 30 महीनों में निवेश की गई रकम को दोगुना करने का भरोसा दिलाया गया.
हल्द्वानी के शख्स से की थी ठगी: बातचीत के दौरान आरोपियों ने कहा कि वे लोगों का पैसा मार्केट ट्रेडिंग में लगाकर भारी मुनाफा कमाते हैं. कुछ निवेशकों की सूची भी दिखाई, जिन्हें नियमित भुगतान किया जा रहा था. इन बातों में आकर पार्थ पराशर ने अपनी पत्नी गीता पराशर के एसबीआई बैंक खाते से कुल 10 लाख रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए. इसमें 5 लाख रुपये 22 नवंबर 2024 और 5 लाख रुपये 20 दिसंबर 2024 को ट्रांसफर किए गए.
झांसा देकर पैसे नहीं लौटा रही थी कंपनी: इसके बदले में कंपनी की ओर से एक एग्रीमेंट दिया गया, जिसमें हर माह मूलधन पर 4 प्रतिशत और ब्याज के रूप में 4 प्रतिशत, यानी कुल 8 प्रतिशत प्रतिमाह भुगतान का उल्लेख किया गया था. पीड़ित का आरोप है कि अब तक आरोपियों ने केवल 1 लाख 90 हजार रुपये मूलधन और उतनी ही राशि ब्याज के रूप में वापस की है. शेष करीब 8 लाख 10 हजार रुपये वापस नहीं किए जा रहे हैं.
GMFX Global कंपनी का मालिक गिरफ्तार: बार-बार फोन करने पर भी आरोपी कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी नीयत पर संदेह गहराता जा रहा है. पीड़ित ने हल्द्वानी पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई कर उसकी शेष धनराशि वापस दिलाई जाए. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी कंपनी मालिक विमल रावत निवासी गोकुल धाम सोसाइटी नियर इको टाउन थाना मुखानी, मूल निवासी रघुली थाना पौड़ी जिला पौड़ी को गिरफ्तार किया गया.
