अंकिता भंडारी हत्याकांड: विनोद आर्या के खिलाफ फूटा पहाड़ी महासभा का गुस्सा, पुलिस को दी तहरीर
![]()
हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गरमा गया है. पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या की ओर से एक दिन पहले अंकिता भंडारी से जुड़ी कथित निजी चैट सार्वजनिक की गई थी, जिसका पहाड़ी महासभा ने विरोध किया. महासभा के पदाधिकारियों ने हरिद्वार नगर कोतवाली पहुंचकर विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की. महासभा ने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी.
पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने विनोद आर्या की कड़ी निंदा की और कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड बेहद संवेदनशील मामला है. ऐसे में मृतका की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है. अभी इस मामले की सीबीआई जांच चल रही है. ऐसे में चैट सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए थी.
रविवार को विनोद आर्या ने की थी प्रेस वार्ता: अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के पिता और पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या ने अपने वकील के साथ रविवार 15 नवंबर को हरिद्वार में प्रेस वार्ता की थी. इस प्रेस वार्ता में उन्होंने अंकिता भंडारी की कुछ निजी कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी.
विनोद आर्या ने एसआईटी जांच पर भी उठाए थे सवाल: इतना ही नहीं विनोद आर्या और उनके वकील ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच करने वाली एसआईटी जांच पर भी सवाल खड़े किए थे. विनोद आर्या की प्रेस वार्ता के बाद इस मामले में नया मोड आ गया और राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रिया सामने आने लगी.
पहाड़ी महासभा ने दी चेतावनी: इसी बीच सोमवार को पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता भंडारी पूरे उत्तराखंड की बेटी थी. उसके निधन के बाद उसकी निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच अपनी जगह है, लेकिन किसी मृतका की निजी जिंदगी से जुड़ी चैट को सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए. इसकी वो घोर निंदा करते हैं.
विनोद आर्या पर मुद्दा भटकाने का लगाया आरोप: तरुण व्यास का कहना है कि एक तरफ अभी तक अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय नहीं मिला दूसरी तरफ विनोद आर्या मुद्दे को भटकाना चाह रहे हैं. विनोद आर्या के पास यह चैट कहां से आई उसकी जांच होनी चाहिए. वह कह रहे हैं कि उनकी 50 करोड़ रुपए की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया, उस संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने पुलिस से तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है. मांग पूरी नहीं होने पर संगठन ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है. महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था. आज भी लोग अंकिता के माता-पिता के साथ खड़े होकर उसे न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. ऐसे में उसकी निजी चैट को सार्वजनिक किए जाने से पूरे उत्तराखंड को ठेस पहुंची है.
उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य कई लोग जुड़े हो सकते हैं. इसलिए पुलिस को मामले का संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए और विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. अंकिता उत्तराखंड की बेटी है, जिसे न्याय दिलाकर ही रहेंगे. वहीं इस मामले पर नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई नंद किशोर ग्वाडी ने बताया कि पहाड़ी महासभा की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जाएगी.
