28 July 2026

चिकित्सकों की ड्यूटी शिविर में, मरीज रहे परेशान

0

अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन चिकित्सकों की कमी के चलते उन्हें इलाज के लिए भटकना पड़ा। इसका मुख्य कारण जैंती में आयोजित बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगना है। इस कारण अस्पताल के कई विभागों की ओपीडी ठप रही।सोमवार को साप्ताहिक अवकाश के बाद जब अस्पताल खुला तो ओपीडी में 500 से अधिक मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि अस्पताल में सामान्य चिकित्सक मौजूद थे। हड्डी रोग विशेषज्ञ , नेत्र रोग विशेषज्ञ और ईएनटी चिकित्सक के कक्ष बंद रहे। मरीजों को इलाज के लिए बेस अस्पताल या निजी क्लीनिकों की ओर रुख करना पड़ा। मरीजों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिला अस्पताल में पहले से ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या सीमित है। ऐसे में शिविरों में ड्यूटी लगाने से मरीजों को भारी परेशानी होती है। पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कुछ चिकित्सकों की ड्यूटी शिविर में लगाई गई है। मंगलवार से स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पटरी पर लौटेंगी।

जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़, ओपीडी 700 पार
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही बारिश का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। करीब 713 मरीज अस्पताल में अपना इलाज कराने के लिए पहुंचे। अधिकांश मरीज वायरल बुखार की शिकायत लेकर आए थे।

सुबह आठ बजे से ओपीडी शुरू हुई। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में पहुंचे। पर्ची काउंटर से अस्पताल के मुख्य गेट तक लोगों की लंबी कतारें लगी रही। पर्ची काउंटर में एक ही काउंटर होने के कारण लोगों को धूप में घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में तैनात चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी मरीजों की लंबी कतार लगी रही। मरीजों ने ओपीडी कक्षों के बाहर लगे टोकन डिस्पले में अपने नंबर का इंतजार किया। मरीजों की भीड़ बढ़ने से दवा वितरण कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष और एक्सरे में भी मरीजों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सीएमएस भैसोड़ा ने बताया कि लगातार बारिश से पानी भी दूषित हो रहा है। जिससे लोगों में वायरल बुखार, पीलिया और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इनसे बचाव के लिए पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद ही पीना चाहिए। तला और भुना खाने से बचाव करना चाहिए।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. तपन कुमार शर्मा का कहना है कि एक दिन के अवकाश के बाद ओपीडी खुलने से मरीजों की भीड़ रही। चिकित्सकों ने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे अधिक देर तक ओपीडी में मरीजों को देखा। मरीजों को काई दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया। लोगों से अपील है कि धैर्य बनाए रखें। अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता सभी मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading