हरक सिंह पर हमलावर हुई बीजेपी, चुनाव प्रबंधन समिति से हटाने की मांग, जानिए वजह
![]()
देहरादून: असम युवती कथित रेप केस को लेकर इन दिनों उत्तराखंड में सियासी घमासान मचा हुआ है. मामले में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने हरक सिंह रावत को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा इस मामले में उठ रहे सवालों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल खड़े किये हैं. साथ ही उन्होंने हरक सिंह रावत को कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के पद से तत्काल हटाने की मांग की है.
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के साथ उनकी पत्नी दीप्ति रावत की ओर से सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से दिए गए बयान और सोनिया रावत के वक्तव्यों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेता महिला सम्मान, महिला अधिकारों और न्याय की बात करते नहीं थकते, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर उठते हैं तो पार्टी नेतृत्व मौन क्यों हो जाता है? क्या महिला सम्मान और न्याय के सिद्धांत केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित हैं?
हरक को चुनाव प्रबंधन समिति से हटाने की मांग: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा जब किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता पर इस तरह के गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आते हैं और उनसे जुड़े लोगों के बयान भी चर्चा में होते हैं, तो मामले की निष्पक्ष जांच होनी जरूरी है. आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से हरक सिंह रावत को तत्काल प्रभाव से चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाने की मांग की है.
हरक का पलटवार, अंकिता मामले से ध्यान भटका रही भाजपा: भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने इन बयानों और उन्हें चुनाव प्रबंधन समिति से हटाने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और उससे जुड़े वीआईपी प्रकरण से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के राजनीतिक हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. हरक ने कहा दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा पहले अपने उन नेताओं और मंत्रियों के मामलों पर जवाब दे, जिनको लेकर खुद गंभीर सवाल उठते रहे हैं.
मैंने खुद सीबीआई जांच की मांग की थी: हरक सिंह रावत ने अपनी सफाई में कहा जब उनकी विधायकी और अन्य मामलों से जुड़े प्रकरण सामने आए थे, तब उन्होंने खुद आगे बढ़कर सीबीआई जांच की मांग की. उनका कहना था कि वह जांच से पीछे नहीं हटे. उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, क्योंकि उनका मानना है कि किसी भी मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अंकिता भंडारी हत्याकांड और वीआईपी से जुड़े सवालों पर चर्चा को कमजोर करने के लिए नए राजनीतिक मुद्दे उठा रही है. जिससे जनता का ध्यान मुख्य सवालों से हटाया जा सके.
