हल्द्वानी पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
![]()
हल्द्वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हल्द्वानी पहुंच गये हैं. हल्द्वानी पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े और नारेबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया. नितिन नवीन उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे.
बता दें हल्द्वानी में बीजेपी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है. इस बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. प्रदेशभर से बीजेपी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी कार्यसमिति में शामिल हो रहे हैं. कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव और विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव समेत संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई.
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी है. 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर भी मंथन किया जाना है. जिसके लिए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी पहुंचे हैं. उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. भाजपा संगठन की ओर से बैठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जोर दिया गया है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी करते हुए द्वितीय सत्र की शुरुआत हुई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष अगले दो दिनों तक नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा है. इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं. इस बार उनके दौरे में कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद और बैठकों का कार्यक्रम रखा गया है. हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर ग्रुप की बैठक के साथ पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास संगठनात्मक तैयारियों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी काफी अहम है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठकों में जहां संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने पर फोकस रहेगा, वहीं सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए पार्टी व्यापक सामाजिक संपर्क को भी मजबूत करने की कोशिश करेगी.
