5 August 2026

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: डंपर की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, दो बसों के बीच में फंसा कंडक्टर

0

हरिद्वार: लालढांग गैंडीखाता रोड पर इंद्रा नगर बस्ती के सामने सड़क पार कर रहा ग्रामीण डंपर की चपेट में आ गया. डंपर के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के वक्त मृतक की पत्नी भी साथ थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. वहीं हादसा होते ही डंपर चालक, डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया.

शुक्रवार शाम को ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी के ढढियांवाला वाला निवासी जगमोहन सिंह 42 वर्ष पुत्र होरी सिंह अपनी पत्नी के साथ गैंडी खाता मे अपने रिश्तेदारी में जा रहा था. दोनों इंद्रा नगर बस्ती के सामने ऑटो से उतरे और सड़क पार करने लगे. इसी बीच अचानक जगमोहन सिंह सड़क पार करते हुए भागुवाला से लालढांग जा रहे डंपर की चपेट मे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना पाकर श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल दिया. श्यामपुर थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डंपर को कब्जे मे ले लिया है. फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है.

दो बसों के बीच में फंसा कंडक्टर: हरिद्वार बस स्टैंड पर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया. यहां अचानक एक कंडक्टर दो बसों के बीच में फंस गया और जिससे वो गंभीर घायल हो गया. गंभीर रूप से घायल कंडक्टर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. यह हादसा शुक्रवार का बताया जा रहा है.

ऋषिकेश डिपो के बस चालक गय्यूर अली ने बताया कि हरिद्वार बस स्टैंड पर मुजफ्फरनगर डिपो और ऋषिकेश डिपो की बस खड़ी हुई थी. उस समय बस अड्डे पर काफी भीड़ थी. दोनों बसें बाहर जाने के लिए गेट पर पहुंची और धीरे धीरे आगे बढ़ने लगी. इसी दौरान ऋषिकेश डिपो की बस का कंडक्टर चंद्रशेखर अचानक दोनों बसों के बीच में फंस गया. मुजफ्फरनगर डिपो के चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया. बस आगे बढ़ने पर चंद्रशेखर अचानक दोनों के बीच में पीस गया.

बसों के बीच फंसने से वह घायल होकर नीचे गिरा और मुंह से खून बहने लगा. गनीमत रही चालक ने ब्रेक लगा दिए नहीं तो कंडक्टर बस के नीचे आ जाता. कंडक्टर के घायल होने पर बस अड्डे पर अफरातफरी मच गई हंगामा खड़ा हो गया. आसपास के चालक और कंडक्टर और रोडवेज कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और घायल कंडक्टर को मेला अस्पताल पहुंचाया.

बताया जा रहा है कि परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. इसके बाद मुजफ्फरनगर डिपो के चालक और बस को स्टैंड पर ही रोक दिया गया. हालांकि इस मामले में अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading