26 July 2026

हरिद्वार ऋषिकुल रजिस्ट्रेशन सेंटर में चोरी, विदेशी महिला का फोन ले उड़ा शातिर

0

हरिद्वार: ऋषिकुल मैदान में चारधाम यात्रा के लिए बने रजिस्ट्रेशन सेंटर में एक महिला यात्री का मोबाइल चोरी हो गया. सेंटर में घुसे एक अज्ञात चोर ने महिला के पर्स में से मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया. मोबाइल चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक ऋषिकुल मैदान में बने रजिस्ट्रेशन सेंटर में बड़ी संख्या दूर दराज से आए यात्री चारधाम यात्रा का रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं. भीड़ का फायदा उठाकर चोर और टप्पेबाज भी सक्रिय हो गए हैं. बीते रविवार को नेपाल के यात्रियों का एक दल भी हरिद्वार पहुंचा. यह दल रजिस्ट्रेशन के लिए ऋषिकुल मैदान पहुंचा. दल में शामिल नेपाल निवासी महिला यात्री अपने पति राम भंडारी के साथ रजिस्ट्रेशन करवाने सेंटर पहुंची थी. सेंटर में वरिष्ठ नागरिक काउंटर पर रजिस्ट्रेशन के लिए लाइन में लगी थी. वह कर्मचारी से वार्ता कर रही थी. तभी उसके पीछे एक युवक भी आकर खड़ा हो गया.

भीड़ में खड़े युवक ने बड़ी चालाकी से महिला के पर्स से मोबाइल निकाल लिया. जिसकी महिला को भनक भी नहीं लगी. काफी देर बाद महिला ने जब फोन निकालने के लिए पर्स में हाथ डाला तो उसके होश उड़ गए. तब उसने शोर मचाया. शोर सुनकर अन्य यात्री भी वहां जमा हो गए. रजिस्ट्रेशन सेंटर के कर्मचारी भी वहां पहुंचे. उन्होंने महिला से जानकारी ली. इसी दौरान कर्मचारियों ने रजिस्ट्रेशन सेंटर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए.

कैमरे में मोबाइल चोरी की वारदात कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज में युवक महिला के पीछे खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है. युवक ने हाथ में बड़ा रुमाल लिया हुआ है. रुमाल की आड़ में वो महिला के पर्स की चेन खोल लेता है. बड़ी ही चालाकी से पर्स में पड़ा महिला का मोबाइल निकालकर फरार हो जाता है. नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी जानकारी जुटाई जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading