देहरादून: कर्मचारी की शिकायत पर शोरूम पहुंचा बजरंग दल, उत्पीड़न का लगाया आरोप, जानें पूरा मामला

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में एक नामी शू-शोरूम में हिंदू कर्मचारी के साथ उत्पीड़न, जबरन वसूली और पहचान छिपाने के आरोपों पर कर्मचारी की शिकायत पर बजरंग दल के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे, जहां उन्होंने मैनजमेंट पर हिन्दू कर्मचारियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. पूरा मामला देहरादून के एक नामी शू-शोरूम से जुड़ा है. बजरंग दल का आरोप है कि, शोरूम के एक कर्मचारी ने पत्र के जरिए उसके साथ उत्पीड़न और जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है, जबकि कुछ लोगों की पहचान छिपाने का आरोप भी लगा है. मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ने लगा है. फिलहाल मामले पर पुलिस को तहरीर नहीं मिली है.
जानकारी के मुताबिक, 17 मई रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित एक प्रतिष्ठित शू शोरूम पहुंचे और सिटी मैनेजर पर शोरूम में कार्यरत हिंदू कर्मचारियों का शोषण, उत्पीड़न और आर्थिक नुकसान करने का आरोप लगाया. कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक कर्मचारी द्वारा शिकायती पत्र के आधार पर उन्हें यह सूचना दी गई.
बजरंग दल के मुताबिक, शिकायती पत्र लिखने वाले शोरूम कर्मचारी ने उनको बताया कि शोरूम में काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों का मैनेजर द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है. वो मैनेजर अन्य समुदाय से जुड़ा है. आरोप है कि शोरूम से मैनेजर खुद जूते चुराकर अन्य हिंदू कर्मचारियों पर भरपाई के लिए पैसे वसूलता था. साथ ही कंपनी की तरफ से मिलने वाली छुट्टियों में भी मैनेजर हिंदू कर्मचारियों के पैसे काटता है. शिकायत में बताया गया कि, कंपनी के समयानुसार वह हिंदू कर्मचारियों से 4 घंटे अधिक काम लेता है, जबकि अन्य कर्मचारियों को कंपनी के समयानुसार छोड़ दिया जाता है.
बंजरग दल के कार्यकर्ताओं ने शोरूम में मौके पर देखा कि वहां मौजूद सभी हिंदू कर्मचारियों के शर्ट पर लगी नेम प्लेट पर उनका नाम लिखा हुआ था, जबकि अन्य समुदाय के लोगों की नेम प्लेट में नाम नहीं था. इस पर बंजरग दल के अध्यक्ष विकास वर्मा ने बिना नेम प्लेट वाले कर्मचारी की नेम प्लेट पर खुद ही ‘जिहादी’ शब्द लिख दिया. मौके पर मौजूद शोरूम मैनेजर ने स्वीकार किया कि हिंदू कर्मचारी पर 5 हजार रुपए के जूता चोरी का इल्जाम लगाया था. शोरूम के मुख्य मालिक से भी फोन पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया.
इस दौरान वहां मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि, शिकायत करने वाले युवक पर पहले से ही कंपनी द्वारा जांच बैठाई गई है और उसके निष्कासन की प्रक्रिया चल रही है. उधर, बजरंग दल द्वारा शोरूम मैनेजर को तत्काल निष्कासित करने और हिंदू युवकों पर भविष्य में किसी भी प्रकार के उत्पीड़न होने पर शोरूम बंद करवाने की चेतावनी दी गई. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है.
