अल्मोड़ा में वन्यजीव के हमले में 19 साल की नवविवाहिता की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
![]()
अल्मोड़ा: सल्ट विकासखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मामला सामने आया है. डभरा सौराल ग्रामसभा के घोड़ीधार तोक में नवविवाहिता पर किसी वन्यजीव ने हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. महिला का शव जंगल से बरामद हुआ है. वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है. वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. जबकि, हमलावर वन्यजीव की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है.
जानकारी के मुताबिक, डभरा सौराल ग्रामसभा के घोड़ीधार तोक निवासी 19 वर्षीय शालिनी नेगी पत्नी रविंद्र नेगी सोमवार की सुबह घर के पास गोबर फेंकने गई थी. इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि जानवर उसे जंगल की ओर घसीट ले गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान जंगल से महिला का शव बरामद हुआ. जिसके गले में गहरे घाव के निशान मिले.
वहीं, शव को देखते ही परिजन बिलख उठे. इसके साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन को टीम मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला बाघ ने किया है या गुलदार ने या फिर किसी अन्य वन्यजीव ने. वन विभाग का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी.
सल्ट क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ी: बता दें कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे सल्ट क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. जिसने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजामात नहीं हैं. जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए अपनी जान को जोखिम में डालना पड़ रहा है.
वन्यजीव को पकड़ने की मांग: वहीं, लगातार हो रही वन्यजीव हमले की घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने हमलावर वन्यजीव को जल्द पकड़ने, जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ उचित मुआवजा देने की मांग की है.
