पिरान कलियर उर्स को लेकर एक्टिव पुलिस, चार जोन में बंटा क्षेत्र, वाहनों की नो एंट्री
![]()
रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेले के समापन के तुरंत बाद ही अब पिरान कलियर में 758वां सालाना उर्स शुरू हो चुका है. यह भी पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है. बड़ी संख्या में देशभर के अलग-अलग हिस्सों से जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था का पूरा प्लान तैयार कर लिया है.
मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटकर करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. साथ ही उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे. जायरीनों के वाहनों के लिए 13 अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है. इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
हरिद्वार जिले के रुड़की के पिरान कलियर में साबिर पाक की विश्व प्रसिद्ध दरगाह स्थल है. यहां पर हर वर्ष उर्स (मेले) का आयोजन होता है. जिसमें देश ही नहीं विदेशों से भी भारी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं. जायरीनों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है.
इस बार भी साबिर पाक के 758वां सालाना उर्स है. 14 अगस्त से उर्स की पहली रस्म मेंहदी डोरी की रस्म के साथ शुरू होगा. पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. अलग-अलग मार्गों से कलियर पहुंचने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा. इसके बाद जायरीनों को आगे जाने की व्यवस्था रहेगी.
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया 758वां सालाना उर्स अगले 10 से 15 दिनों तक चलेगा. जिसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है. उर्स में करीब 600 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और आपराधिक गतिविधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी. BDS टीम के साथ खोया-पाया सेल सक्रिय रहेगा, जेबकतरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा.
