18 August 2026

ऋषिकेश में भीषण हादसा, उफनते बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने फंसे दो लोगों को किया रेस्क्यू

0

देहरादून/ऋषिकेश: भारी बारिश से ऋषिकेश में बीन नदी का उफान पर बह रही है. इसी बीच एक मैक्स वाहन नदी में पलट गया. नदी के तेज बहाव के बीच SDRF के जवानों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाला. जिसके बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, दूसरा व्यक्ति अब भी वाहन के भीतर फंसा हुआ था. लगातार बढ़े हुए जलस्तर और नदी के तेज बहाव ने राहत एवं बचाव कार्य को बेहद मुश्किल बना दिया था.

पानी के तेज बहाव के कारण वाहन भी अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक नीचे चला गया था. हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF ने अतिरिक्त टीम को भी तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाया गया. निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ समन्वय बनाकर अभियान को आगे बढ़ाया गया. SDRF टीम ने जोखिम भरी परिस्थितियों के बीच वाहन तक पहुंच बनाई और उसमें फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की. लगातार बढ़ते नदी के बहाव के बीच SDRF जवानों की तत्परता और साहस के चलते वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. मैक्स वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था. चालक ने उफनती बीन नदी में वाहन उतार दिया, जिसके बाद वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गया. SDRF की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों लोगों की जान बच गई.

रेस्क्यू के बाद दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया. रात के अंधेरे, तेज बहाव और बहते वाहन के बीच SDRF की दोनों टीमों ने जिस तेजी और समन्वय के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया, उससे एक बड़ा हादसा टल गया. बता दें कि उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है. भारी बारिश से नदी नाले उफान पर बह रहे हैं. वहीं देहरादून मौसम विभाग ने आज फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading