पिरान कलियर में तीन दुकानों में लगी भीषण आग, जायरीनों में मची अफरा तफरी, बमुश्किल पाया आग पर काबू
![]()
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के बीच दरगाह के पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में एक ज्वैलरी की दुकान में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद राहत की सांस ली. इस घटना में दो ज्वैलरी की दुकान और एक खिलौनों की दुकान चपेट में आ गई.
इन दिनों पिरान कलियर में विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स (मेला) चल रहा है. वहीं साबिर पाक के इस उर्स मेले में देश ही नहीं विदेशों से भी भारी संख्या में जायरीन जियारत करने के लिए पहुंचते हैं. बीती देर पिरान कलियर दरगाह के पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में एक ज्वैलरी की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई.
देखते ही देखते दुकान में आग की लपटें उठने लगीं, आग की लपटें उठती देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई. इस दौरान आग तेजी से फैलती रही, जिससे आसपास की दुकानों में भी आग लगने का खतरा पैदा हो गया. हालांकि सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से पानी और उपलब्ध अन्य संसाधनों के सहारे से आग बुझाने का प्रयास किया गया.
वहीं सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल कर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. लेकिन इस अग्निकांड में पास की खिलौने की दुकान और एक अन्य ज्वैलरी की दुकान में भी आग की चपेट में आ गई. हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. दमकल विभाग आग लगने के कारणों का पता लगा रहा है, साथ ही नुकसान के आकलन भी किया जा रहा है.आग पर काबू पा लिया गया है, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. साथ ही अग्निकांड में हुए नुकसान के आकलन की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
बताते चलें कि साबिर पाक के सालाना उर्स के चलते पिरान कलियर में इन दिनों जायरीनों की भारी भीड़ चल रही है. ऐसे में बाजार के बीच दुकान में आग लगने से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. गनीमत रही कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला. आग लगने के कारणों और दुकानों में हुए नुकसान का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
आग किस वजह से लगी है यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा, हालांकि उर्स के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. साबिर पाक के सालाना उर्स के चलते कलियर में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं, ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले समय में मुख्य बाजार में आग लगने और दमकल की टीम के पहुंचने में देरी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने उर्स मेले के दौरान दमकल वाहनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है.
