4 September 2026

देहरादून ब्लाइंड मर्डर केस का 12 घंटे के अंदर खुलासा, कत्ल का कारण बने ₹18 हजार, नौकर ने कबूली ये बात

0

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 साल की बुजुर्ग महिला की मौत मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. 12 घंटे के अंदर पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी नौकर ही निकला है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी का बुजुर्ग महिला के पति से मजदूरी के बकाया 18 हजार रुपए को लेकर विवाद हुआ था. इस वजह से उसने 72 साल की बुजुर्ग महिला पर हमला किया था और पकड़े जाने के डर से बुजुर्ग का मुंह भी बंद कर दिया था, जिससे महिला की मौत हो गई थी.

पति ने 112 पर दी थी पुलिस को सूचना: पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं. उनकी पत्नी के चेहरे पर चोट के निशान भी हैं. सूचना पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची. 108 एंबुलेंस की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून खुद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की. मामले में थाना रायपुर में हत्या की धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.

CCTV और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस: देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया. टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए जानकारी जुटाई. मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया.

विनीत कुमार पर गया पुलिस का शक: पुलिस जांच में विनीत कुमार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया.

बकाया मजदूरी को लेकर हुआ था विवाद: पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर में रह रहा है. वह त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में रात के सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था. इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था.

18 हजार की मजदूरी के लिए कर दी हत्या: पुलिस के अनुसार आरोपी की 18 हजार रुपए मजदूरी बकाया थी. कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर वह नाराज था. घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा. उसे घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी. घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं.

पुलिस के अनुसार आरोपी ने रेखा बंसल से बकाया मजदूरी के पैसे मांगे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर विवाद हो गया. आरोप है कि गुस्से में उसने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया. चोट लगने के बाद वृद्धा बिस्तर पर गिरकर चिल्लाने लगीं. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया. कुछ देर बाद जब उसे लगा कि उनकी मौत हो गई है, तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर फरार हो गया.

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद किया है. साथ ही पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading