हरिद्वार कुंभ मेला 2027, करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट से बदल रही धर्मनगरी की सूरत, मेलाधिकारी ने दी प्रेजेंटेशन
![]()
रिद्वार: कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है. मंगलवार को कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्तमान में करीब 709 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य चल रहे हैं. 15 सितंबर के बाद कुंभ कार्यों में और तेजी आएगी और 15 अक्टूबर तक अधिकांश निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है. साथ ही गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है. वर्तमान में सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) और पेयजल निगम के कार्य चल रहे हैं. अमरापुर, साक्षी सतनाम घाट और सिंहद्वार के पास घाट निर्माण के कार्य चल रहे हैं. नहर बंदी के बाद घाटों से जुड़े बेस के काम पूरे किए जाएंगे, जबकि गंगा बंदी के बाद सभी घाटों पर रैंप बनाने का कार्य कराया जाएगा.
पांच स्थानों पर आईवेल बनाए गए: बैरागी कैंप में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य चल रहा है. वहीं पांच स्थानों पर आईवेल बनाए गए हैं और सभी पर पेंट का कार्य भी पूरा हो चुका है. भूपतवाला और श्यामलाल क्षेत्र में तीन पंपिंग वाटर सप्लाई तैयार की जा रही हैं.
सीसीआर टावर की नई बिल्डिंग का विस्तार किया जाएगा: कुंभ मेलाधिकारी सोनिका के अनुसार सीसीआर टावर की नई बिल्डिंग का निर्माण कर उसका विस्तार किया जा रहा है. हेलीपैड वाली बिल्डिंग का मुख्य निर्माण कार्य कुंभ के बाद किया जाएगा, फिलहाल दो मंजिला भवन पर काम चल रहा है और तय समय में इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा.
मानसून खत्म होने का इंतजार: रोशनाबाद में वेयरहाउस बनाया जा रहा है, जिसमें दवाइयां और चिकित्सा से संबंधित सामान रखा जाएगा. अटल बिहारी गेस्ट हाउस के सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू कर दिया गया है. मानसून सीजन समाप्त होने के बाद अपर रोड समेत सभी सड़कों के कार्य को भी गति दी जाएगी.
धार्मिक स्थलों के आसपास फुटपाथ बनाए जा रहे हैं. भाईचारा ढाबे से शिवालिक नगर और सिडकुल जाने वाली सड़क का निर्माण करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है. कुंभ मेले के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंडावर और चिड़ियापुर बॉर्डर पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे. सिंहद्वार से प्रमुख मंदिरों तक आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी.
पुलों और सड़कों का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया: वहीं, शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए आर्यनगर चौक, रानीपुर मोड़ समेत अन्य स्थानों पर पार्किंग विकसित करने की योजना है. इसके अलावा धनौरी और खड़खड़ी शमशान घाट के पास स्थाई पुल के कार्य गतिमान हैं. हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्थाई पुलों का कार्य भी शुरू कर दिया गया है. डिमांड के अनुसार अन्य कई स्थानों पर भी पुल निर्माण की योजना है. पुलों और सड़कों का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है.
कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. 15 सितंबर के बाद निर्माण कार्यों की गति और बढ़ाई जाएगी, ताकि 15 अक्टूबर तक प्रमुख कार्य पूरे किए जा सकें और कुंभ मेले की तैयारियां समय से पूरी हों. वर्तमान में सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी और पेयजल निगम के द्वारा स्थाई और अस्थाई प्रकृति के कार्य चल रहे हैं. सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानीय स्टेट होल्डर से बातचीत करके ही कार्यों को आगे बढ़ाया जाए. लेवलिंग और पेंटिंग जैसे अस्थाई कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं.
