ऋषिकेश GMOU कैंपस में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा छज्जा, बाल बाल बचा स्कूटी सवार
![]()
ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के सुदामा मार्ग स्थित सरिया मार्केट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब GMOU परिसर का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. गनीमत रही कि छज्जा गिरने के समय परिसर के बाहर अपनी स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चला रहा एक युवक मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. यदि युवक कुछ पल भी इधर-उधर होता या मलबे की चपेट में आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
हादसे में बुलेट बाइक और मोबाइल शॉप का बोर्ड क्षतिग्रस्त: छज्जा गिरने से परिसर के नीचे खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा है. इसके साथ ही दीवार पर लगा मोबाइल शॉप का बोर्ड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. घटना के बाद लोग परिसर के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने लगे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस तरह किसी भवन का छज्जा गिरना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. दुकानों के बाहर वाहन खड़े रहते हैं. लोग खरीदारी के लिए भी पहुंचते हैं. ऐसे में यदि छज्जे का मलबा किसी राहगीर या ग्राहक के ऊपर गिर जाता, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे.
