16 November 2026

उत्तराखंड चुनाव 2027: बीजेपी ने कांग्रेस को दिया बड़ा झटका, कई बड़े नेताओं को पार्टी में कराया शामिल

0

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. यहीं कारण है कि अब राजनीतिक दल अपना कुनबा बढ़ाने में लगे हुए है. इसी क्रम में बीजेपी ने एक बार फिर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है. चौबट्टाखाल में कांग्रेस के कई पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों समेत करीब 38 नेताओं को बीजेपी ने अपनी पार्टी में शामिल कराया है. सोमवार को देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस से जुड़े कई पदाधिकारियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ताओं समेत 38 से अधिक लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई.

जानिए कांग्रेस छोड़ कौन बीजेपी में हुआ शामिल: इस दौरान चौबट्टाखाल से विधायक और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे. बीजेपी ने इसे क्षेत्र में संगठन की मजबूती और कांग्रेस के लिए बड़े राजनीतिक झटके के तौर पर पेश किया है. बीजेपी में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य रितिक नेगी और कुलदीप सजवाण प्रमुख रूप से शामिल रहे.

रितिक नेगी युवा कांग्रेस बीरोंखाल के महामंत्री हैं, जबकि कुलदीप सजवाण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे हैं. इनके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्र संघ अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के सचिव शुभम रावत, कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली.

चौबट्टाखाल में अपने आप को मजबूत कर रही बीजेपी: इनके साथ ही द्वारीखाल, सतपुली, बीरोंखाल, एकेश्वर और पोखड़ा क्षेत्र से जुड़े कई पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी बीजेपी का दामन थामा. बीजेपी ने इन लोगों के पार्टी में शामिल होने को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में अपने संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है.

इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग बीजेपी से जुड़ रहे हैं. चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कई पुराने कार्यकर्ताओं, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, छात्रसंघ पदाधिकारियों और अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि के लोगों का बीजेपी में शामिल होना इस बात का संकेत है कि जनता का भरोसा बीजेपी के नेतृत्व पर लगातार बढ़ रहा है.

वहीं, कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बीजेपी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि करीब 38 से अधिक प्रमुख लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है. इन लोगों के बीजेपी में जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी. सभी नए साथी क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा में अपनी भागीदारी निभाएंगे.

कैबिनेट मंत्री ने सीसी झील के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू किए जाने की बात कही. सतपाल महाराज ने क्षेत्र में रेलवे कनेक्टिविटी, सड़क और पेयजल योजनाओं को लेकर भी सरकार के काम गिनाए. उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पहाड़ों में आवागमन की तस्वीर बदलने जा रही है. देवप्रयाग तक रेल पहुंचने और आगे कर्णप्रयाग तक इसके विस्तार से स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading