हल्द्वानी गैंगरेप केस, होमस्टे पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण
![]()
हल्द्वानी: नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में बीते दिनों नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया था. इस मामले में आज एक और बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रशासन की टीम ने उस होमस्टे पर एक्शन लिया, जहां पर पीड़िता के साथ गैंगरेप किया गया था.
बताया जा रहा है कि होमस्टे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया था. उसी अतिक्रमण को आज मंगलवार 24 नवंबर को प्रशासन की टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त किया. कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था. इससे पहले बिना पंजीकरण संचालन के चलते होमस्टे को सील किया जा चुका है.
जानकारी के मुताबिक प्रशासन की जांच में होमस्टे परिसर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर किचन, स्टोर समेत अन्य निर्माण किए जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया. नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिह्नित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की. इस दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया.
पूरा मामला जानिए: 16 साल की नाबालिग लड़की ने हल्द्वानी के मुखानी थाने में तहरीर दी थी. तहरीर में पीड़िता ने बताया था कि 12 नवंबर का रात चार युवक उसे डरा धमकाकर और बहला फुसलाकर एक होटल में ले गए थे, जहां आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों धीरज बिष्ट, नीतीश पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी को गिरफ्तार किया था.
