सर्दी में बेजुबानों की फिक्र: जू में सांप-मगरमच्छों को मिलेगी हीटर की गर्माहट, जानवरों का मेन्यू भी बदला
![]()
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. पर्वतीय अंचलों से लेकर मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है. बदलते मौसम में तापमान का असर इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी पड़ता है. जिसको देखते हुए देहरादून चिड़ियाघर प्रशासन ने जानवरों और पक्षियों को कड़ाके की सर्दी से बचाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. जू प्रबंधन ने जानवरों की सेहत और शरीर की गर्माहट बनाए रखने के लिए उनके दैनिक आहार में बदलाव करने का फैसला किया है. वहीं बाड़ों में कृत्रिम गर्माहट के भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं.
सर्दियों का मौसम आते ही वन्यजीवों की इम्यूनिटी मजबूत रखना बेहद जरूरी होता है. इसके लिए उनके खाने में पौष्टिक और गर्म तासीर वाली चीजों को शामिल करने की तैयारी की जा रही है. साथ ही शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के जानवरों और पक्षियों के लिए अलग-अलग भोजन चार्ट तैयार किया गया है. नए डाइट चार्ट में आवश्यक विटामिन सप्लीमेंट्स शामिल किए जाएंगे, ताकि उनके शरीर का तापमान सामान्य बना रहे और वे ठंड की चपेट में न आएं.
सर्द मौसम में रेंगने वाले जीवों पर भी खतरा मंडराता है. ऐसे में जू प्रशासन ने सांपों, मगरमच्छों, कछुओं और अन्य सरीसृपों (रेप्टाइल्स) को हाइपोथर्मिया और सुस्ती से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. चिड़ियाघर के बाड़ों में हीटिंग बल्ब और ब्लोअर लगाए जा रहे हैं. साथ ही बाड़ों के फर्श पर पुआल (सूखी घास) और लकड़ी के बुरादे की मोटी परत बिछाई जा रही है, जिससे जमीन की ठंड उन तक न पहुंचे.
बता दें कि जू प्रशासन ने मौसमी बदलाव को देखते हुए जानवरों के खान-पान और आवास से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. वहीं पशु चिकित्सकों की एक विशेष टीम नियमित रूप से सभी जानवरों और पक्षियों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है. ठंड बढ़ने के साथ ही तापमान में गिरावट आने के बाद वन्यजीवों के सुरक्षा उपायों को और बढ़ाया जाएगा. जिससे चिड़ियाघर के सभी वन्यजीव सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें. दीपावली के बाद प्रदेश में सुबह शाम सर्दी बढ़ने लगी है. पहाड़ी क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं.
