उत्तराखंड: कुमारी शैलजा ने कांग्रेस नेताओं के साथ की बैठक, बंद दरवाजों के पीछे बनी चुनावी रणनीति
![]()
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय देहरादून में पार्टी के फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बंद कमरे में हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई.
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों और पीसीसी के नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय रहना होगा.
आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया: बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. कुमारी शैलजा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता से कार्य करने का मंत्र दिया.
उन्होंने कहा कि पार्टी में लगातार कार्यक्रम होते रहते हैं. चुनाव नजदीक है, ऐसे वक्त में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलने की गतिविधियां तेज हो जाती है. उन्होंने बीते रोज मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता को बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह इस कार्यक्रम को रिस्पांस मिला वह काबिले तारीफ था. कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को पूरी मजबूती के साथ उठायेगी.
2027 के चुनाव पर पूरा फोकस: उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आने वाले 2027 के चुनाव में बढ़िया जीत हासिल करेगी और राज्य को एक अच्छी सरकार देगी. लोग अब भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं. इससे पहले अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान कुमारी शैलजा ने कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से आयोजित किये गए मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में भी भाग लिया था. वहीं, प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को चुनावी रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
