बीजेपी कार्यसमिति बैठक में 597 पदाधिकारी होंगे शामिल, प्रदेश प्रभारी को लेकर असमंजस
![]()
हल्द्वानी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 9 सितंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर जानकारी दी. बैठक में प्रदेशभर से 597 पदाधिकारी शामिल होंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे. बैठक में विकसित उत्तराखंड के रोडमैप, राजनीतिक परिस्थितियों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा. नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र भी देंगे.
हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 9 सितंबर को होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी. बैठक में उत्तराखंड के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से कुल 597 पदाधिकारी शामिल होंगे.
इस बैठक की सबसे बड़ी खासियत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी होगी. नितिन नवीन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. बैठक के दौरान उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ-साथ विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर भी चर्चा होगी. इसके लिए दो अहम प्रस्ताव बैठक में रखे जाएंगे. 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की रणनीति पर भी गहन मंथन होगा.
संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर तक तैयारियां मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत के लक्ष्य को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को दिशा देंगे. खास बात ये भी है कि नितिन नवीन युवाओं और खासकर Gen Z से संवाद करेंगे. इसके अलावा उनका पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम है. वहीं रुद्रपुर में सिख समाज के सम्मेलन को भी नितिन नवीन संबोधित करेंगे.
भाजपा की इस महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति को लेकर संगठन के भीतर एक सवाल भी चर्चा में है. प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम कार्यक्रम में नजर नहीं आ रहे हैं. इसके साथ ही उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद भी फिलहाल खाली है. ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस अहम बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं.अब देखना होगा कि प्रदेश कार्यसमिति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा क्या रणनीति तय करती है. संगठन को चुनावी मैदान के लिए किस तरह तैयार किया जाता है.
