27 July 2026

चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालु, डीएम और एसएसपी ने फूलमाला पहनाकर किया स्वागत

0

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में शुरू हुए चार धाम यात्रा रजिस्ट्रेशन सेंटर में प्रशासन ने चार धाम यात्रियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया. आज सुबह से इस रजिस्ट्रेशन सेंटर में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो गई है. जहां सुबह 7 से ही दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया. ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत में रजिस्ट्रेशन कराने वाले कुछ चार धाम यात्रियों का डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रजिस्ट्रेशन सेंटर पहुंचकर फूल माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी. डीएम एसएसपी ने चार धाम यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया.

प्रशासन के स्वागत से चार धाम यात्री भी गदगद नजर आए. ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर में 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं और चारधाम यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है. 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल जाएंगे. जिसके लिए आज से रजिस्ट्रेशन करवा कर चार धाम यात्रियों ने रवानगी की शुरू कर दी है. चारधाम यात्रा को सुगम,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए हरिद्वार ऋषिकुल मैदान में बनाए गए पंजीकरण केंद्र में यात्रियों का ऑफलाइन पंजीकरण आज से शुरू कर लिया गया है.

चारधाम यात्रा और जाने वाले पहले तीर्थयात्री जिला शहडोल मध्य प्रदेश आए तीर्थयात्रियों के दल द्वारा चार धाम यात्रा के लिए पहला पंजीकरण कराया गया है. चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों का डीएम मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अतिथि देवो भव की परम्परा से तीर्थयात्रियों का फूल मालाओं एवं टिका चंदन से स्वागत किया तथा सभी यात्रियों की यात्रा की मंगलमय हो, इसके लिए सभी को शुभकामनाएं दी.

पहला रजिस्ट्रेशन कराने में जनपद शहडोल मध्य प्रदेश से आए तीर्थयात्रियों के 7 सदस्य दल, जिसमें बिसाहू लाल विश्वकर्मा, मुन्नी विश्वकर्मा,प्यारेलाल विश्वकर्मा,रामदीन प्रजापति, दशरथ प्रजापति, शांति प्रजापति,पार्वती प्रजापति ने चारधाम यात्रा के लिए पहले पंजीकरण कराया. वहीं चारधाम यात्रा और जाने वाले तीर्थ यात्रियों में खासा उत्साह दिखाई दिया तथा सभी यात्रियों ने चार धाम यात्रा के लिए ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन एवं उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया.

श्रद्धालुओं ने कहा कि पंजीकरण केंद्र में सभी व्यवस्थाएं ठीक प्रकार से की गई है तथा जिला प्रशासन द्वारा उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया है. डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार में बनाए गए रजिस्ट्रेशन सेंटर में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद है. चारधाम के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, इसलिए हरिद्वार में रजिस्ट्रेशन सेंटर में 20 काउंटर बनाए गए हैं, ताकि सभी श्रद्धालु आसानी से रजिस्ट्रेशन करा सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading