जनगणना@2027: उत्तराखंड में डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू, सीएम में सपरिवार किया सेल्फ एन्यूमरेशन
![]()
देहरादून: जनगणना- 2027 के मद्देनजर उत्तराखंड में 1 दिसंबर से प्रगणक (एनुमेरेट) घर-घर जाकर आबादी की गणना करेंगे. उससे पहले 16 नवंबर से उत्तराखंड राज्य में डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है. ऐसे में जनता 30 नवंबर तक खुद से खुद की गणना कर सकती है. इसके बाद घर-घर जनसंख्या की गणना का अभियान शुरू हो जाएगा. उत्तराखंड में स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होने के बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की. साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, जनगणना से प्राप्त जानकारी प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है. पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या एवं स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी उपयोगी होती है. इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में सहायता मिलती है.
जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है. ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं. इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ ही सूचनाओं के एकत्र करने में सुगमता आएगी. जनगणना में दर्ज की जाने वाली हर जानकारी महत्वपूर्ण है. लिहाजा, सीएम ने जनता से इस निर्धारित समय में स्व-गणना करने और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि, हर परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
