16 November 2026

फर्जी मार्कशीट के खेल का भंडाफोड़, इंटर कॉलेज का प्रिसिंपल अरेस्ट, रुड़की का मामला

0

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है. आरोपी दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलने और फर्जी अंक तालिकाएं व स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तैयार करने का आरोप है. इन्हीं आरोपों पर पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी पिरान कलियर के संचालक व प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है.

आरोप है कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया. इतना ही नहीं आरोपियों को अपने ही कॉलेज में दसवीं कक्षा में प्रवेश देकर परीक्षा भी दिलाई गई. यह पूरा मामला मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर तैयार किए गए कूटरचित दस्तावेजों से जुड़ा है.

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने दर्ज कराया था मुकदमा: पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर साल 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के स्थापना खंड में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में संदीप कुमार और सपना देवी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के लिए धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था.

जांच में आए चौंकाने वाले तथ्य सामने: शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 336, 338, 340 और 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई. विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के शैक्षिक दस्तावेजों और विद्यालयों के रिकॉर्ड की जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए.

10वीं में फेल हुए थे दोनों: जांच में पता चला कि संदीप कुमार और सपना देवी ने साल 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, लेकिन दोनों ही असफल रहे थे. इसके बाद 14 अप्रैल 2014 को संदीप कुमार और 17 अप्रैल 2014 को सपना देवी ने चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल हाई स्कूल सुनहरा रुड़की में प्रवेश लिया. यहां से साल 2015 में संदीप ने दसवीं की परीक्षा पास की, जबकि सपना देवी असफल रही.

9वीं की मार्कशीट में भी मिला झोल: जांच में संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की कक्षा नौ की मार्कशीट भी संदिग्ध पाई गई, जो शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी के नाम से जारी दिखाई गई थी. पुलिस के अनुसार इस मार्कशीट पर द्वितीय श्रेणी अंकित थी, जबकि कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य प्रदीप की 4 मई साल 2012 को मृत्यु हो चुकी थी.

वहीं, विद्यालय के रिकॉर्ड से पता चला कि दोनों आरोपियों ने अप्रैल 2012 में सदल सिंह इंटर कॉलेज हबीबपुर नवादा में कक्षा नौ में प्रवेश लिया था और वर्ष 2012-13 में परीक्षा उत्तीर्ण की थी. इसके बाद पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य और मालिक रविंद्र कुमार से पूछताछ की.

पुलिस पूछताछ में आरोपी कबूल किया जूर्म: पुलिस का आरोप है कि रविंद्र कुमार ने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदल दिए और संदीप कुमार व सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी टीसी और अंकतालिकाएं तैयार कीं. आरोप है कि वर्ष 2009 की मार्कशीट भी कूटरचित तरीके से तैयार की गई और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शैक्षिक रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया गया. पुलिस ने मामले में आरोपी रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क की जांच जारी: इस मामले ने शैक्षणिक संस्थानों में दस्तावेजों के रखरखाव और प्रमाणिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी मार्कशीट और टीसी तैयार करने में किन लोगों की भूमिका रही और इन दस्तावेजों का इस्तेमाल मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास में किस तरह किया गया. मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading