5 August 2026

धन सिंह रावत ने PIP में नए कार्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त बजट की मांग, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

0

देहरादून: उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बीते दिनों नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रहे उत्तराखंड चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की. साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण भी दिया. साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने एनएचएम के तहत राज्य की ओर से भेजी गई पीआईपी (कार्यक्रम क्रियान्वयन योजनाओं) में प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन के लिये अतिरिक्त बजट की भी मांग की.

दरअसल, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत पिछले कुछ दिनों से गुजरात दौरे पर थे. गुजरात दौरे से लौटते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत और बेहतर किए जाने को लेकर चर्चा की. इस दौरान मंत्री धन सिंह ने चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर तमाम पहलुओं पर भी चर्चा की और यात्रा को लेकर राज्य सरकार की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी दी.

धन सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाई स्थापित कर दी गई है. जिनका शुभारम्भ इसी यात्रा सीजन में किया जाएगा. चार धाम यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही चिकित्सकों का पूल भी तैयार किया जा रहा है. जिसमें राज्य की तमाम चिकित्सा इकाईयों में तैनात चिकित्सकों के साथ ही राज्य मेडिकल काॅलेज, एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों के साथ देशभर के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएगी.

इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल काॅलेज श्रीनगर व देहरादून की सेवा ली जाएगी. यात्रा में 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस के साथ ही कार्डिक एम्बुलेंस सेवा की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुविधाएं रहेगी. इसके अलावा मंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राज्य की ओर भेजी गई पीआईपी में प्रस्तावित नई कार्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की भी मांग केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की. जिस पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading