5 August 2026

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, बिरही में कार और डंपर की टक्कर

0

चमोली: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. बिरही स्थित एनएच प्लांट के समीप डंपर और कार की आमने-सामने भिड़ंत में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमोली के बिरही क्षेत्र में एनएच प्लांट के पास एक डंपर और कार की तेज टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के समय मौके के पास ही ड्यूटी पर तैनात यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभाला.

उन्होंने बिना समय गंवाए घायल चालक को निजी वाहन से तत्काल विवेकानंद अस्पताल, पीपलकोटी पहुंचाया. जहां उसे समय रहते प्राथमिक उपचार मिला.
ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर इलाज मिल सका. उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई गई. उपचार के बाद घायल को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

इसके साथ ही पुलिस टीम ने मौके पर यातायात व्यवस्था को भी जल्द ही सामान्य कर दिया. जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सुचारु बना रहा. इस घटना में जहां एक ओर हादसे की भयावहता सामने आई. दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और मानवता ने एक बड़ी जान बचाने का काम किया.

प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले मौतों के आंकड़े को देखते हुए परिवहन विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है. एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरे के जरिए ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले और ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है.

प्रदेश में सड़क हादसों से निपटने के लिए ओवर स्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए एनफोर्समेंट की कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है. इसके अलावा प्रदेश के बॉर्डर एरिया के साथ ही राज्य के तमाम महत्वपूर्ण जगहों पर एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं. जिससे ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वाले और ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है. इन तमाम कोशिशों के बाद भी प्रदेश में सड़क हादसे हो रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading