25 July 2026

बेटे के जन्मदिन से पहले मां की संदिग्ध मौत, खुशियों की जगह पसरा मातम

0

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप के आवास विकास क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की जानकारी तब मिली, जब ढाई साल की बेटी ने रात में अपनी मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं उठीं. जिस पर परिवार और पड़ोसियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि महिला के बेटे का आज जन्मदिन है, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर ट्रांजिस्ट कैंप के आवास विकास क्षेत्र की सिद्धू बार वाली गली में रहने वाली 29 साल महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना देर रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है. वो अपने पति अनमोल कक्कड़ और दो छोटे बच्चों के साथ रहती थी.

आज बेटे का है जन्मदिन, मां की हो गई मौत: परिवार में खुशियों का माहौल था, क्योंकि आज उनके बेटे का जन्मदिन था, लेकिन उससे पहले ही घर में मातम छा गया. बताया जा रहा है कि महिला के पति अनमोल कक्कड़ फर्नीचर का काम करते हैं.

उन्होंने बताया कि रात करीब 3 बजे ढाई साल बेटी अपनी मां के पास गई और उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन जब मां ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो बच्ची अपने पिता के पास आकर बोली कि ‘मम्मी उठ नहीं रही हैं’. इसके बाद पति तत्काल पत्नी के पास पहुंचे और उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई.

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के पड़ोसी मौके पर इकट्ठा हो गए. देर रात इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आनन-फानन में महिला को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

वहीं, घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है. पड़ोसियों की मानें तो परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी प्रकार के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, छोटे-छोटे बच्चों की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading