27 July 2026

मंत्री रेखा आर्या के पति के विवादित बयान पर हंगामा, कांग्रेस ने अल्मोड़ा में किया प्रदर्शन, सरकार को भी घेरा

0

अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के प्रति कथित रूप से अपमानजनक शब्दों के प्रयोग को लेकर महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. महिला कांग्रेस ने इसे महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि इस तरह के बयान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं.

इसी मुद्दे को लेकर महिला कांग्रेस अल्मोड़ा की ओर से शनिवार को चौघानपाटा में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह विरोध प्रदर्शन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि गिरधारी लाल साहू का बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि यह समाज में महिलाओं के प्रति असंवेदनशील सोच को भी उजागर करता है.

उन्होंने कहा कि एक महिला एवं बाल विकास मंत्री के परिवार से जुड़े व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग अत्यंत निंदनीय है. इससे महिलाओं के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंची है. राधा बिष्ट ने जहां मंत्री रेखा आर्या से इस्तीफा देने की मांग की तो वहीं राज्य सरकार से इस मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की आवाज बुलंद की.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई सख्त कदम नहीं उठाया तो महिला कांग्रेस अपने आंदोलन को और अधिक तेज करेगी. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न, अपमान और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और मंत्री रेखा आर्या अपने पद से इस्तीफा दे. महिला कांग्रेस ने दो टूक कहा कि आवश्यकता पड़ने पर महिला कांग्रेस सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष करने को तैयार है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं के सम्मान की रक्षा की मांग की.

बता दें कि गिरधारी लाल साहू ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि शादी के बिहार से 20 से 25 हजार रुपए में लड़कियां मिल जाती है. ये कार्यक्रम 23 दिसंबर का था, जिसका वीडियो अब सामने आया है. हालांकि वीडियो सामने आने के बाद जब गिरधारी लाल साहू के बयान पर हंगामा हुआ तो साहू ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी. और इस मामले पर सफाई भी दी.

इस विरोध कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की लीला जोशी, प्रीती बिष्ट, मंजू कांडपाल, सपना बिष्ट, विमल जोशी, निर्मला कांडपाल, इंदिरा वर्मा, गीता पांडे, किरण आर्य, उमा आर्य, आसना, गुनगुन, जया जोशी, आशा शर्मा, शोभा जोशी, लता तिवारी, पुष्पा पांडे, तारा तिवारी सहित अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। इसके अलावा नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, नारायण दत्त पांडे, शरद शाह, पारस नाथ, दिनेश नेगी, वैभव पांडे, सुधांशु रौतेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. महिला कांग्रेस ने साफ किया कि जब तक महिलाओं के सम्मान के साथ न्याय नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading