ममता की हार पर सुमित हृदयेश बोले- अहंकार ले डूबा, महेंद्र भट्ट ने कहा- कांग्रेस अंतर्कलह में उलझी

रुद्रपुर/रुद्रप्रयाग: पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी हार को ‘अहंकार की राजनीति’ का परिणाम बताया है. वहीं, रुद्रप्रयाग में बीजेपी की जिला कार्यसमिति की बैठक में महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को घेरा.
कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसका जवाब जनता ने चुनाव में दे दिया. उन्होंने बीजेपी की जीत को मोदी फैक्टर का असर बताते हुए कहा कि बंगाल में अब बदलाव की शुरुआत हो चुकी है. वहीं, ईवीएम पर उठ रहे सवालों को भी उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया.
ममता ने सत्ता के अहंकार में कांग्रेस समेत सहयोगी दलों को किया नजरअंदाज: हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ममता बनर्जी की हार उनकी राजनीतिक कार्यशैली का नतीजा है. उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में कांग्रेस समेत सहयोगी दलों को नजरअंदाज किया गया, जिसका खामियाजा अब चुनाव में भुगतना पड़ा है.
ईवीएम पर सवाल खड़े करना गलत: सुमित हृदयेश ने कहा कि आने वाले समय में बीजेपी बंगाल में विकास और बेहतर प्रशासन देने का काम करेगी. ईवीएम को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी विधायक ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि देश में बड़े-बड़े वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थान मौजूद हैं, ऐसे में बिना किसी आधार के ईवीएम पर सवाल खड़े करना गलत है.
बंगाल में घुसपैठ होना राज्य सरकार की विफलता: उन्होंने साफ कहा कि ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी तरह की गड़बड़ी संभव नहीं है. वहीं, बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. जब केंद्र सरकार लगातार निगरानी और सत्यापन कर रही है, तब भी घुसपैठ होना राज्य सरकार की विफलता को दर्शाता है.
रुद्रप्रयाग में बीजेपी जिला कार्यसमिति की बैठक: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रुद्रप्रयाग में बीजेपी जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग किया. जिसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा.
महेंद्र भट्ट ने हाल ही में तीन राज्यों में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया. उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बीजेपी का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है.
जनता विकास चाहती है, कांग्रेस अंतर्कलह में उलझी: उत्तराखंड की राजनीति पर बोलते हुए महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश में बीजेपी पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में है. आगामी चुनावों में पार्टी तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस आज आंतरिक कलह, गुटबाजी और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझी हुई है. कांग्रेस नेताओं के पास न नीति बची है और न ही जनता के मुद्दों पर कोई स्पष्ट दृष्टिकोण.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और ज्यादा सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक महीने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला कार्यसमिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं. ताकि, पार्टी की नीतियां और सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंच सकें.
