17 August 2026

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत, चिन्यालीसौड़ बाईपास पर भी सड़क हादसा

0

उत्तरकाशी: उत्तराखंड चारधाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती मौतों की संख्या चिंता पैदा कर रही है. आज शनिवार 9 मई को भी यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई. श्रद्धालु की पहचान शम्भू केवल उम्र 82 निवासी तमिलनाडु के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि शम्भू केवल तमिलनाडु से चारधाम की यात्रा पर आए थे. शनिवार को उन्होंने यमुनोत्री धाम से अपनी यात्रा की शुरुआत की थी. शम्भू यमुनोत्री धाम में दर्शन कर लौटे रहे थे, तभी पैदल मार्ग पर नौ कैंची के पास अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई. उन्हें घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े.

मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और यात्रा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार देते हुए उन्हें स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि वृद्ध श्रद्धालु की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

यमुनोत्री धाम में यात्रा शुरू होने के बाद अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. अधिकांश मामलों में हार्ट अटैक और अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह सामने आ रही है. लगातार बढ़ती भीड़, कठिन पैदल मार्ग और ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों, खासकर बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों से स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त आराम लेने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को कहा है. यात्रा मार्ग पर मेडिकल टीमें और स्वास्थ्य शिविर भी तैनात किए गए हैं ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके.

चिन्यालीसौड़ बाइपास के पास सड़क हादसा: उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ बाइपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहा युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब एक यूटिलिटी वाहन के ब्रेक फेल होने और चालक को झपकी आने की आशंका के चलते वाहन अनियंत्रित होकर युवक को टक्कर मार गया. बताया जा रहा है कि युवक मार्निंग वॉक पर निकला था.

पुलिस के अनुसार, यूटिलिटी वाहन को रोहित पुत्र स्व. सुभाष चंद्र, निवासी कुंड, नौगांव, बड़कोट उत्तरकाशी चला रहा था. वाहन चिन्यालीसौड़ में धनपुर गांव के निकट बाइपास से गुजर रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी.

इस हादसे में 26 वर्षीय ममराज पुत्र टीका सिंह, निवासी टिपरी बिष्ट, चिन्यालीसौड़ की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर कार्यरत थे. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चिन्यालीसौड़ अस्पताल पहुंचाया. पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई की गई. प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने के साथ ही चालक को झपकी आने की आशंका भी जताई जा रही है. एसओ धरासू मनोज असवाल ने बताया कि पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वाहन को कब्जे में लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from उत्तराखंड DISCOVERY

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading