रीता बहुगुणा के दिवंगत पति पीसी जोशी की अस्थियां गंगा में विसर्जित, कई वीआईपी रहे मौजूद

हरिद्वार: भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के दिवंगत पति पुरन चंद जोशी की अस्थियां सोमवार को हरिद्वार पहुंची. हरिद्वार स्थित वीआईपी घाट पर रीता बहुगुणा जोशी और परिजनों ने विधि विधान के साथ अस्थियों को मां गंगा में विसर्जन किया गया. इस दौरान राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत पीसी जोशी को श्रद्धांजलि देने के साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उनके तीर्थ पुरोहित मायाराम के नाती राजीव वशिष्ठ, उमा शंकर वशिष्ठ और श्रेय वशिष्ठ, संजय वशिष्ठ, अभिषेक वशिष्ठ और बृजेश वशिष्ठ ने अस्थि कर्म संस्कार संपन्न कराया.
दरअसल, रीता बहुगुणा जोशी के पति पीसी जोशी का हाल ही में लखनऊ स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया था. वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया था. वीआईपी घाट पर आयोजित अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में रीता बहुगुणा जोशी, रीता बहुगुणा जोशी के भतीजे उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और भाई उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के अलावा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान, कांग्रेस नेता संजय पालीवाल, संतों में ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी, उज्ज्वल पंडित समेत राज्य मंत्री जयपाल सिंह चौहान और शोभाराम प्रजापति समेत कई लोग उपस्थित रहे.
जोशी परिवार के तीर्थ पुरोहित श्रेय वशिष्ठ ने बताया कि, दिवंगत पुरन चंद जोशी के बेटे मयंक जोशी उनकी अस्थियों को लेकर हरिद्वार आए थे. अस्थि विसर्जन के दौरान पूरे धार्मिक रीति रिवाजों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन कराया गया और अस्थियों को मां गंगा में विसर्जित किया गया. मां गंगा से शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की गई है.
मंत्री मदन कौशिक ने पीसी जोशी के निधन को पूरे परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति बताया और कहा कि मां गंगा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के साथ ही यह दुख सहने की शक्ति दें.
