रुद्रपुर में विधायक प्रतिनिधि और महिला कांस्टेबल के बीच नोकझोंक, माफी मांगने के बाद मामला हुआ शांत

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप कोतवाली में भाजपा विधायक शिव अरोरा के प्रतिनिधि और एक महिला कांस्टेबल के बीच नोकझोंक हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मामला शांत हो गया.
रुद्रपुर शिव अरोरा के प्रतिनिधि और ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल के बीच हुई कहासुनी का मामला बीते दिन चर्चा का विषय बन गया. जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप कोतवाली में विधायक शिव अरोरा का पुलिस कर्मियों के सम्मान में एक कार्यक्रम प्रस्तावित था. कार्यक्रम से पहले उनके प्रतिनिधि (पीए) सोनू वर्मा कोतवाली पहुंचे. बताया जा रहा है कि जब सोनू वर्मा कोतवाल के कक्ष की ओर जाने लगे तो ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल ने उन्हें रोक दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक दोनों के बीच बहस चलती रही.
इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. मामले पर विधायक शिव अरोरा ने नाराजगी जताई. हालांकि बाद में स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई. विधायक ने स्पष्ट किया कि महिला कांस्टेबल को उनके प्रतिनिधि के बारे में जानकारी नहीं थी, जिस कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. उन्होंने कहा कि यह एक गलतफहमी थी, जिसे बैठकर सुलझा लिया गया है. विधायक शिव अरोरा ने यह भी कहा कि थाने में आने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की स्थिति नहीं बननी चाहिए. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगंतुकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए. वहीं, महिला कांस्टेबल द्वारा माफी मांगने के बाद मामला पूरी तरह शांत हो गया. फिलहाल यह प्रकरण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप कोतवाली उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि महिला कांस्टेबल बीते दिनों 10 दिन से किशोरी की बारामदगी को लेकर दबिश दे रही थी. सकुशल किशोरी को बरामद कर ट्रांजिस्ट कैंप में लाया गया, वो रात भर जगी थी, जिसके कारण वह कोतवाली में बैठी थी. इसी दौरान विधायक प्रतिनिधि सोनू वर्मा आए और कोतवाल के ऑफिस का गेट खोलने लगे, तभी महिला कांस्टेबल ने पूछा कि कहां जा रहे हैं, सोनू वर्मा ने कहा कि कोतवाल से मिलना है. रात भर जागने कारण महिला कांस्टेबल की आवाज थोड़ा तेज थी. जिसके कारण सोनू वर्मा एग्रेसिव होकर महिला से बातचीत करने लगे. मौके पर उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने दोनों लोगों को शांत कराया. वहीं मौके पर पहुंचे रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने महिला कास्टेबल और सोनू वर्मा का मामला शांत कराया.
