नशा मुक्ति केंद्र आशीष हत्याकांड, नाबालिग निकला आरोपी, स्टील के टुकड़े से दिया घटना को अंजाम

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्थित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में केंद्र में आशीष के साथ रह रहे एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने गाली-गलौज करने और धमकाने पर स्टील के टुकड़े से कत्ल की घटना को अंजाम दिया था, हालांकि आशीष के परिजनों ने पहले ही हत्या की आशंका जताई थी.
दरअसल, 13 मई बुधवार की सुबह रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अनमोल जीवन समिति नशा मुक्ति केंद्र ढंढेरी ख्वाजगीपुर रुड़की में एक व्यक्ति जिसका नाम आशीष है, वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ है. इस सूचना पर तत्काल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट मय फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. घटना स्थल पर पुलिस को एक व्यक्ति केंद्र के शौचालय में मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला, जिसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान दिख रहे थे, और आस-पास काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था.
उधर, जानकारी मिलते ही आशीष के परिजन भी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने आशीष की हत्या का शक जताया था, जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया था और मामले की जांच शुरू कर दी गई थी.
उधर, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर घटना स्थल को सुरक्षित करते हुए फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया. सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ रुड़की भी घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुचे थे, जहां पर उन्के द्वारा नशा मुक्ति केंद्र के अंदर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ की गई.
जांच में सामने आया कि आशीष की हत्या उसी के साथ रहने वाले एक 15 वर्षीय नाबालिग युवक द्वारा की गई है. पुलिस पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि आशीष अक्सर नाबालिग के साथ गाली-गलौज करता था और मारपीट की धमकी देता था. जिस कारण आशीष की हत्या की गई.
पुलिस ने इस मामले में नाबालिग आरोपी को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लेकर घटना के संबंध में कोतवाली रुड़की पर शिकायतकर्ता नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर कोतवाली लक्सर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है.
