धारचूला में पहाड़ी से बोल्डरों की ‘बारिश’, बाल बाल बचे लोग, देखिये वीडियो
पिथौरागढ़: सीमांत पिथौरागढ़ में बारिश जनजीवन प्रभावित हो गया है. सीमांत धारचूला के तीनतोला-गस्कू सड़क पर पहाड़ी से मलबा व बोल्डर गिरने से एक यात्री जीप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. चालक और एक यात्री के समय रहते वाहन से कूदकर भागने से दोनों की जान बच गई. सड़क से आवागमन में खतरा बना हुआ है.
धारचूला के तीनतोला- गस्कू सड़क पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने लगा. ठीक नीचे से गुजर रही एक यात्री जीप के चालक को जैसे ही पहाड़ी दरकने का पता चला उसने वाहन रोककर यात्री के साथ वाहन से उतरकर दौड़ लगा दी. उनके वाहन से उतरकर पीछे की ओर भागते ही वाहन पर बड़े- बड़े पत्थर और मलबा गिर गया. पत्थरों से वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है. जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां पर काफी ऊंचाई से पहाड़ी दरक रही है. काफी ऊंचाई से रुक रुककर पत्थर व मलबा गिर रहा है. ऐसे में वाहनों से या पैदल आवागमन करने में हादसे का भय बना हुआ है.
मूसलाधार बारिश से पिथौरागढ़ जिले की 21 सड़कें बंद हो गईं. इनमें तीन बार्डर रोड धारचूला- तवाघाट, तवाघाट- गुंजी और न्यू सोबला- दर तिदांग के अलावा 18 ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें हैं.
भूपेंद्र महर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ ने बताया बारिश से जिले में 21 सडकें बंद हैं. जिसमें 18 सड़केंं ग्रामीण हैं. जिन्हें खोलने के लिए सम्बन्धित विभागों के द्वारा खोलने का प्रयास किया जा रहा है. शीघ्र सभी सड़कों को खोल दिया जायेगा.
जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई. आसमान में बादलों से ढका है. सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा छाया रहा. लगातार हो रही भारी बारिश बारिश से नदी नाले उफान पर है. काली नदी, गोरी नदी और रामगंगा का जल स्तर सामान्य से अधिक है. प्रशासन द्वारा लोगों से नदी नालों के किनारे न जाने की अपील की है.![]()
