महावत बदलते ही ‘गजराज’ के बदले तेवर, बीच सड़क मचाई दहशत, वीडियो आया सामने
![]()
रामनगर/पौड़ी: कालागढ़ टाइगर रिजर्व से हाथी के बेकाबू होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत पड़ने वाले कालागढ़ स्थित हाथीशाला में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ‘गजराज’ नाम का हाथी महावत बदलते ही नाराज हो गया. हाथी बीच सड़क पर उछल-कूद करने लगा, जिसके बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने भी दूरी बनाकर अपनी जान बचाई. हालांकि नए महावत ने हिम्मत दिखाते हुए हाथी को वापस हाथीशाला की ओर मोड़ने में कामयाबी हासिल की. घटना के बाद वन विभाग की टीम और चिकित्सा दल भी मौके पर पहुंचा.
कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ स्थित हाथीशाला में ‘गजराज’ नाम का हाथी रखा गया है. हाथियों की देखभाल और रखरखाव के लिए वन विभाग की ओर से महावतों की तैनाती की गई है. गजराज की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी महावत मोहित के पास है.
बताया जा रहा है कि 9 अगस्त को किसी कारणवश महावत मोहित के मौजूद नहीं होने पर दूसरे महावत ओमपाल को गजराज को चारे के लिए हाथीशाला से सूखासोत की ओर ले जाने की जिम्मेदारी दी गई. लेकिन हाथीशाला से कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद गजराज को महावत के बदले जाने का एहसास हुआ और उसके तेवर अचानक बदल गए.
सुरक्षा बैरियर के पास पहुंचते ही गजराज बीच सड़क पर नाराज होकर उछल-कूद करने लगा. हाथी के अचानक बेकाबू होने से मौके पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया. सड़क से गुजर रहे राहगीर हाथी से दूरी बनाकर खड़े हो गए. इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
उधर, रामनगर वन प्रभाग की कालाढूंगी रेंज में एक घायल जंगली हाथी वन विभाग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. पिछले कई सप्ताह से यह हाथी जंगल क्षेत्र में लंगड़ाते हुए घूम रहा है. हाथी के अगले बाएं पैर में बड़ा घाव (फोड़ा) बना हुआ है, जिसके चलते उसे चलने में परेशानी हो रही है. अब वन विभाग ने हाथी की निगरानी बढ़ा दी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
दरअसल, कालाढूंगी रेंज के नयागांव के पास जंगल क्षेत्र में वन विभाग की टीम को करीब एक सप्ताह पहले एक हाथी लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया. गश्त के दौरान जब वन कर्मियों ने हाथी को करीब से देखा तो उसके अगले बाएं पैर में बड़ा घाव नजर आया.
घायल होने के बावजूद हाथी जंगल में लगातार अपनी गतिविधियां कर रहा है. हालांकि पैर में बने घाव के कारण उसकी चाल प्रभावित दिखाई दे रही है. हाथी की स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और उसकी लगातार निगरानी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है.
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव सिंह मार्तोलिया ने बताया कि, हमारे वनकर्मी रोजाना की तरह गश्त में थे. इसी दौरान नयागांव के समीप जंगल में यह हाथी दिखाई दिया. हाथी के पैर में बड़ा घाव पाए जाने के बाद वन विभाग ने उसकी निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया. निगरानी टीम में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ दो विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी शामिल किया गया है. टीम हाथी की गतिविधियों के साथ-साथ उसके घाव और स्वास्थ्य की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
