तीरथ सिंह रावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष की टीम में शामिल, बनाये गये उपाध्यक्ष
![]()
देहरादून: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो गया है. नितिन नवीन की टीम में 13 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री बनाये गये हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत को जगह दी गई है. तीरथ सिंह रावत को नितिन नवीन की टीम में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. उनके साथ ही राम माधव और वसुंधरा राजे को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है.इसके अलावा बैजयंत जय पांडा, डी पुरदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पंवार , मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम नागराज को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
बता दें तीरथ सिंह इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. अब तीरथ सिंह रावत को जेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
तीरथ सिंह रावत को जानिये
- तीरथ सिंह रावत का जन्म 1 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल के सीरों, पट्टी असवालस्यूं में हुआ था.
- तीरथ सिंह के पिता का का नाम कलम सिंह रावत है.
- तीरथ सिंह रावत वर्ष 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे.
- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (उत्तराखंड) के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री रहे.
- तीरथ सिंह रावत चौबट्टाखाल से भूतपूर्व विधायक (2012-2017) रहे.
- तीरथ सिंह रावत भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के साथ साथ गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद भी रहे.
- पौड़ी सीट से भाजपा के उम्मीदवार के अतिरिक्त 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था.
- तीरथ सिंह रावत भारतीय जनता पार्टी से संबंधित राजनीतिज्ञ हैं.
- वर्ष 2000 में नवगठित उत्तराखंड के प्रथम शिक्षा मंत्री बने थे.
- इसके बाद 2007 में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री चुने गए.
- वर्ष 2012 में चौबट्टाखाल विधान सभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए.
- वर्ष 2013 में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने.
- हेमवती नंदन गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष और छात्र संघ मोर्चा (उत्तर प्रदेश) में प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे.
- इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे.
- इसके बाद 1997 में उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सदस्य निर्वाचित हुए तथा विधान परिषद् में विनिश्चय संकलन समिति के अध्यक्ष बनाये गए.
- तीरथ सिंह रावत को पौड़ी सीट से भारत के 17 वें लोकसभा चुनाव में बीजेपी की तरफ से प्रत्याशी बनाया गया था. जिसमें वे भारी मतों से विजयी हुए.
- तब उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मनीष खंडूड़ी को 2,85,003 से अधिक मतों से हराया था.
- इसके बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत के हटाये जाने के बाद उत्तराखंड के सीएम भी बने.
- अब उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में जगह मिली है.
